सलूंबर में बैधनाथ मंदिर का पाटोत्सव:मंदिर के शिखर पर लगा झंडा बदला गया, दूर-दराज के इलाकों से आए श्रद्धालु

सलूंबर में पीपा क्षत्रीय दर्जी समाज, सलूंबर के तत्वावधान में लकापा स्थित प्राचीन बैधनाथ महादेव मंदिर का पाटोत्सव मनाया गया। इस मौके पर क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचे और भगवान बैधनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बैधनाथ’ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। भक्ति गीतों और शंखनाद के बीच मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। पाटोत्सव के तहत विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी सुनील सेवक ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पंडित भूपेंद्र चौबीसा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर शिखर पर ध्वजा की विधिवत पूजा कर ध्वजा बदलने की रस्म पूरी कराई। इसके बाद भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज की महिलाओं ने भगवान बैधनाथ के भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन में चार चांद लगाए। समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी सौहार्द को मजबूती मिलती है। पाटोत्सव के उपलक्ष्य में ब्रह्मभोज और सामूहिक प्रसादी का भी आयोजन किया गया। इसमें समाज के लोगों सहित दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। समाज के युवाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि बैधनाथ मंदिर का पाटोत्सव प्रतिवर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन समाज की धार्मिक आस्था, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *