मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव और युवा सम्मेलन के तहत शनिवार को राजस्थान में रोजगार और विकास को नई गति देने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एचपीवी वैक्सीन का शुभारंभ किया, 21,863 युवाओं को सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए और 16,600 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। सलूंबर मुख्यालय पर हुआ कार्यक्रम इसी क्रम में, सलूंबर जिला मुख्यालय पर पंचायत समिति सभागार में एक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम प्रदेश स्तरीय समारोह से वर्चुअली जुड़ा था। यहां 75 नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र और वेलकम किट वितरित किए गए। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन का हस्तांतरण प्रदेश स्तरीय समारोह अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्य उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके अतिरिक्त, 1,000 करोड़ रुपए की सामाजिक सुरक्षा पेंशन का हस्तांतरण भी किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस अवसर पर युवाओं को संबोधित किया। सलूंबर में युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे सलूंबर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर अवधेश मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, सीएमएचओ डॉ. महेंद्र परमार, एसीपी दीपक धाकड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। चयनित युवाओं को मंच से नियुक्ति पत्र सौंपे गए। सक्रिय भागीदारी का आह्वान जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने अपने संबोधन में युवाओं से रचनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से ‘मेरा क्या और मुझे क्या’ की सोच से ऊपर उठकर कर्तव्यों को अधिकारों से प्राथमिकता देने की अपील की। कलेक्टर मीना ने कहा कि हमारा व्यवहार और कार्यशैली ही सरकार का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने नैतिक आचरण और सेवा भावना के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अंत्योदय की भावना को साकार करने और विकसित समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।


