भास्कर न्यूज|गिरिडीह सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने जेईई मेन मे अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। विद्यालय के कक्षा 12 के छात्र क्षितिज सिन्हा ने जेईई मेन के पेपर टू (बी.आर्क) में 97.13 परसेंटाइल प्राप्त कर अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। वहीं विद्यालय के ही छात्र मो.अयन आलम ने पेपर वन (बी.टेक) में 93 परसेंटाइल हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। क्षितिज के पिता शशि कुमार सिन्हा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे की सफलता से पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। क्षितिज और अयन, दोनों ने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है। क्षितिज ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 12 से 14 घंटे अनुशासित ढंग से पढ़ाई करते थे और बोर्ड परीक्षा व प्रतियोगी परीक्षा के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। विद्यालय के गणित शिक्षक जितेंद्र साहू ने बताया कि दोनों छात्र शुरू से ही मेहनती और लगनशील रहे हैं। वहीं भौतिकी शिक्षक मनोज मंडल ने कहा कि उन्हें शुरू से विश्वास था कि ये छात्र अपनी असाधारण प्रतिभा से एक दिन बड़ी उपलब्धि हासिल करेंगे। विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने इसे गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।


