सलूम्बर में महावीर इंटरनेशनल शाखा द्वारा जैन बोर्डिंग परिसर में एक निशुल्क हार्ट और डायबिटीज जांच शिविर का आयोजन किया गया। अध्यक्ष वीर प्रभुलाल जैन के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में लगभग 80 मरीजों की जांच कर स्पेशलिस्ट डाक्टर्स ने परामर्श प्रदान किया। शिविर में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. तरुण दवे और असिस्टेंट डॉक्टर डॉ. चिलकेश पाटनी ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान ईसीजी और ब्लड शुगर सहित आवश्यक जांचें की गईं। डॉक्टरों ने बताया कि वर्तमान जीवनशैली, तनाव और अनियमित खानपान के कारण हार्ट डिजीज और डायबिटीज के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में नियमित जांच अत्यंत महत्वपूर्ण है। संस्था के सचिव वीर मनीष राजमल भीमावत ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस शिविर को सफल बनाने में मेडिककक्स बायोटेक के चुन्नीलाल प्रजापति, विकास जोशी, जयेश गर्ग, मेडिकल हेल्प के संजय कलाल और सारंग फार्मेसी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर रीजनल-4 के निदेशक वीर जड़ाचंद जैन ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक सराहनीय पहल बताया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष वीर शैलेन्द्र सालगिया, कोषाध्यक्ष वीर अमरचंद, सह-सचिव वीर चन्द्रप्रकाश, जिला मीडिया प्रभारी वीर भगवतीलाल, युवा शाखा अध्यक्ष वीर संजय जैन सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। नागरिकों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।


