सलौनीकला खरीदी केंद्र में 43 लाख के धान की हेराफेरी, हुई एफआईआर

भास्कर न्यूज | पवनी उपार्जन केंद्र सलौनीकला में धान खरीदी के बाद धान की हेराफेरी करने के आरोप में 5 लोगों के खिलाफ भटगांव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया गया है। पुलिस ने बताया कि सलौनीकला के जिम्मेदार कर्मचारी संजय साहू पूर्व समिति प्रबंधक, देवनारायण चन्द्रा पूर्व फड़ प्रभारी, भरत चन्द्रा वर्तमान समिति प्रबंधक, रामेश्वर चन्द्रा वर्तमान फड़ प्रभारी, गीता प्रसाद साहू कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा व्यक्तिगत लाभ पाने के लिए 1894.00 क्विंटल धान 43 लाख 56 हजार 200 रुपए की हेराफेरी की है। 24 जनवरी को केन्द्र सलौनीकला का अनुविभागीय अधिकारी वर्षा बंसल द्वारा टीम बनाकर निरीक्षण किया गया, जिसमें फड़ में उपलब्ध धान के बोरे बिखरे हुए और मानक वजन 40 किग्रा से कम पाया गया। उपार्जन केन्द्र में लोड हो रहे ट्रक का सामने का नंबर व पीछे के नंबर अलग-अलग थे। डीओ में निर्धारित वाहन के बदले दूसरे वाहन का धान परिवहन के लिए भेजा गया था। वह लोड भी हो रहा था। ट्रक में लोड किए जा रहे बोरियों को उतारकर तौल किया गया। बोरियों का वजन भी मानक वजन 40 किग्रा से कम पाया गया। धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण एवं जांच पर धान उपार्जन केन्द्र में परिवहन होने के पश्चात 23877.64 क्विंटल उपलब्ध होनी थी, जो 1894.00 क्विंटल धान की कमी पाया गया। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिलाईगढ़ द्वारा टीम गठित कर जांच की गई थी। जांच प्रतिवेदन अनुसार धान की हेराफेरी में संजय साहू, देवनारायण चन्द्रा, भरत चन्द्रा, रामेश्वर चन्द्रा, गीता प्रसाद साहू की संलिप्तता पाई गई। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में भी भरत चंद्रा द्वारा नगरदा धान उपार्जन केंद्र में एक करोड़ 38 लाख 54 हजार रुपए का गबन किया गया था, जिसके कारण उन्हें जेल जाना पड़ा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *