सवाई माधोपुर के पुराने शहर में एक बार फिर लेपर्ड के मूवमेंट से लोगों में दहशत फैल गई है। बीती रात करीब 2 बजे रामलीला मैदान इलाके में एक लेपर्ड चहलकदमी करता हुआ दिखाई दिया, जिसका वीडियो पास के एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज सामने आने के बाद इलाके में रहने वाले लोगों में डर का माहौल और बढ़ गया है। आबादी वाले इलाकों में लगातार मूवमेंट
स्थानीय लोगों के अनुसार यह लेपर्ड अक्सर रात के समय आबादी वाले इलाकों में दिखाई देता है। रामलीला मैदान के अलावा राजबाग, डूंगरपाड़ा और तेलन पंसेरी बालाजी मंदिर के आसपास भी इसके घूमने की सूचना मिलती रहती है। रात में बेखौफ घूमते लेपर्ड को देखकर लोग अब जरूरी काम से भी घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। चार महीने में दो लेपर्ड पकड़े जा चुके
वन विभाग पिछले चार महीनों में पुराने शहर से दो लेपर्ड पकड़ चुका है। इसके बावजूद इलाके में लेपर्ड का मूवमेंट पूरी तरह से बंद नहीं हुआ है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। होली के दिन पकड़ा गया था शावक
वन विभाग ने होली के दिन नीम चौकी इलाके में पिंजरा लगाकर एक लेपर्ड के शावक को पकड़ने में सफलता हासिल की थी। इससे पहले दिसंबर महीने में भी एक लेपर्ड को पिंजरे में कैद किया गया था। लेपर्ड हमले में बच्चे की हो चुकी मौत
दिसंबर महीने में लेपर्ड के हमले में सात वर्षीय बालक विक्रम बंजारा की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद वन विभाग ने नीम चौकी रामद्वारा इलाके में पिंजरा लगाकर एक लेपर्ड को पकड़ा था। लोगों ने की पकड़ने की मांग
अब फिर से लेपर्ड के दिखाई देने से कॉलोनीवासियों में डर का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।


