सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के बीच गुरुवार शाम एक और मामला सामने आया। पुराने शहर में घर के बाहर खड़ी बाइक को चोर मौके का फायदा उठाकर ले गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस से बाइक बरामद करने की मांग की है। पुराने शहर में हुई चोरी की घटना
गुरुवार देर शाम सवाई माधोपुर के पुराने शहर इलाके में चोरों ने एक बाइक चोरी कर ली। बाइक मालिक राम सिंह शेखावत निवासी पुराना टीबी हॉस्पिटल क्षेत्र ने बताया कि घटना शाम करीब 8 बजे की है। उस समय बाइक घर के बाहर खड़ी थी। सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक गले में कपड़ा डाले घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज में युवक मौका देखकर एच एफ डीलक्स बाइक को स्टार्ट करता है और कुछ ही सेकेंड में वहां से फरार हो जाता है। चोरी की पूरी वारदात कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस कंट्रोल रूम को दी सूचना
घटना के बाद राम सिंह शेखावत ने सवाई माधोपुर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके साथ ही उन्होंने कोतवाली थाना पुलिस से अपनी बाइक जल्द से जल्द तलाशने की गुहार लगाई है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में पुराने शहर के मुख्य बाजार में भी चोरी की वारदात हो चुकी है। वहीं आलनपुर इलाके में स्थित एक मैरिज गार्डन से भी सोने के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया था। इन घटनाओं का खुलासा होने से पहले ही चोरों ने फिर से बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया, जिससे क्षेत्र में लोगों में चिंता बढ़ गई है।


