सवाई माधोपुर स्थित नेशनल हाईवे 552 टोंक चिरगांव पर कुशालीपुरा के पास जती धाम पुलिया के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। महिलाएं और बच्चों की जान बाल-बाल बची कार मालिक इंकलाब पुत्र मोहम्मद रफीक ने बताया कि वह जैतपुर गांव से सवाई माधोपुर आ रहे थे। पहले कार से धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक वह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग की लपटें निकलने लगी। कुछ ही मिनटों में रेनॉल्ट की क्विड कार लपटों से घिर गई। कार में वह और उसके परिवार की महिलाएं और बच्चे सवार थे। इस दौरान उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग की तेज लपटों और काले धुएं के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।


