रणथंभौर फोर्ट आने वाले पर्यटकों और त्रिनेत्र गणेश के श्रद्धालुओं के लिए रणथंभौर नेशनल पार्क प्रशासन द्वारा जोगी महल गेट पर पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। वन विभाग की ओर से पार्किंग निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया जारी कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही यहां आधुनिक और सुव्यवस्थित पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। भीड़ जुटने पर होती है जाम की स्थिति अभी जोगी महल गेट के सामने वाहनों को खड़ा करने के लिए सीमित स्थान उपलब्ध है। इसके चलते पर्यटकों और श्रद्धालुओं को अपने वाहन रणथंभौर किले के नीचे या त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर बावड़ी तक खड़े करने पड़ते हैं। खासतौर पर पर्यटन सीजन, रविवार और धार्मिक अवसरों पर यहां भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे न केवल आमजन को परेशानी होती है, बल्कि आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी पार्किंग नई पार्किंग सुविधा के निर्माण के बाद इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रस्तावित पार्किंग आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगी, जिससे बड़ी संख्या में वाहन एक ही स्थान पर व्यवस्थित ढंग से खड़े किए जा सकेंगे। इससे यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और श्रद्धालुओं व पर्यटकों को पैदल चलने की दूरी भी कम होगी। वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से रणथंभौर आने वाले देश-विदेश के सैलानियों का अनुभव और बेहतर होगा। साथ ही क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग, जाम और अव्यवस्था की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। यह परियोजना पर्यटन विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


