रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघों के मूवमेंट की तस्वीर अब पहले से अलग नजर आ रही है। जहां त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर अब तक बाघिन टी-107 सुल्ताना का दबदबा देखा जाता था, वहीं अब RBT-2511 उसी क्षेत्र में लगातार दिखाई दे रहा है। शुक्रवार शाम सिंहद्वार के पास बाघ नजर आने से करीब 2-3 घंटे तक आवाजाही प्रभावित रही और वन विभाग को यातायात रोकना पड़ा। जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से RBT-2511 एक-दो दिन के अंतराल में त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर चहलकदमी करता दिख रहा है। इससे पहले यह इलाका बाघिन टी-107 सुल्ताना के प्रभाव क्षेत्र के रूप में जाना जाता था। अब RBT-2511 की मौजूदगी से यहां का परिदृश्य बदलता नजर आ रहा है। सिंहद्वार के पास सड़क पर आया बाघ शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे RBT-2511 जंगल से निकलकर सिंहद्वार के पास सड़क पर आ पहुंचा। बाघ के सड़क पर आने से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी और मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाघ का मूवमेंट करीब शाम 4.30 बजे तक सड़क और आसपास के क्षेत्र में बना रहा। वन विभाग ने की लगातार मॉनिटरिंग बाघ के दिखाई देने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर तैनात रही और लगातार उसकी मॉनिटरिंग की गई। सुरक्षा की दृष्टि से त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी रही। जंगल की ओर लौटने पर बहाल हुआ यातायात करीब ढाई घंटे बाद जब बाघ जंगल की ओर लौट गया, तब जाकर वन विभाग ने राहत की सांस ली और मार्ग पर आवागमन दोबारा शुरू कराया। वन विभाग के अनुसार, एक दिन पहले यही बाघ मिश्रदर्रा गेट के पास भी नजर आया था, जिससे उसके क्षेत्र में सक्रिय मूवमेंट की पुष्टि होती है।


