सवाई माधोपुर जंक्शन के पास आज एक मालगाड़ी के चार डिब्बे अचानक पटरी से नीचे उतर गए। जिससे यहां हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रेलवे के अधिकारी मौके पहुंचे और घटना का जायजा लिया। इस दौरान यहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। कोटा से दिल्ली जा रही थी मालगाड़ी जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को एक मालगाड़ी कोटा से चलकर दिल्ली की तरफ जा रही थी। जिसके सभी रैक में कोयला भरा हुआ था। जैसे ही सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन से मालगाड़ी गुजरी तभी यार्ड के पास ही अचानक से पटरी बदलते हुए चार डिब्बे एक के बाद एक पटरी से नीचे उतर गए। सूचना मिलते ही रेलवे विभाग के अधिकारी जीआरपी और आर पी एफ के तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। गनीमत यह रही कि इसमें कोई जनहानि घटित नहीं हुई। इसी के साथ ही रेलवे ट्रैक भी बाधित नहीं हुआ। इस दौरान यहां अन्य सभी ट्रैक से गाड़ियों का आवागमन लगातार जारी है। सूचना रेलवे के तकनीकी अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल में जुट गए हैं। दुर्घटना में एक पटरी भी पूरी तरह से टूटी हुई मिली है। ऐसे में रेलवे विभाग के अधिकारी कई एंगल से घटना की जांच और डिब्बो को पटरी पर लाने में जुटे हुए है। उल्लेखनीय है कि दो माह पहले सवाई माधोपुर में मालगाड़ी का एक डिब्बा मैंन लाइन से लूप लाइन पर लेते समय पटरी से उतर गया था।


