सवाई माधोपुर के कोतवाली थाना पुलिस ने शादी समारोह के दौरान हुए सोने के ज्वेलरी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। थानाधिकारी मदनलाल ने बताया कि 6 फरवरी को परिवादी मुकेश कुमार शर्मा (59), निवासी हनुमान नगर हाउसिंग बोर्ड, सवाई माधोपुर ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 5 फरवरी को उनकी पुत्री आयुषी (लक्की) का विवाह आशीर्वाद हवेली मैरिज गार्डन, आलनपुर में आयोजित था। शाम करीब 8 से 9 बजे बारात आगमन व दूल्हे की तोरण रस्म के दौरान अत्यधिक भीड़ हो गई। इसी दौरान परिवादी की पत्नी सीमा शर्मा के हाथ में मौजूद हैंडबैग से अज्ञात चोर ने सोने का हार (लगभग 12 ग्राम) और झुमकी/कुंडल (लगभग 11 ग्राम) चोरी कर लिए। काफी तलाश के बावजूद ज्वेलरी नहीं मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दी गई थी। कोटा से दबोची गई महिला आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस एसआई अनिल कुमार ने बताया कि टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला नैना (30) पुत्री राम सिंह, पत्नी हरिकिशन, बाबरी निवासी गोकुल नगर कच्ची बस्ती, भरतपुर को कोटा से गिरफ्तार किया। चोरी के आभूषण बरामद गठित पुलिस टीम में एएसआई लखन, हेड कॉन्स्टेबल भक्तवत्सल, हेड कॉन्स्टेबल कैलाश और महिला कॉन्स्टेबल रानु शामिल रहे। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद कर लिए है। पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है कि उसने इससे पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।


