भास्कर न्यूज | जालंधर थाना मकसूदां के अंतर्गत गांव नूरपुर में वीरवार शाम घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ढन्न मोहल्ला निवासी संदीप नामक युवक अपनी ससुराल पहुंचा, जहां उसने पहले खुद पर तेल छिड़का और फिर तेजधार हथियार के साथ घर में घुसकर हमला कर दिया। घटना में एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आग की चपेट में आने से आरोपी की बेटी और पत्नी के चाचा झुलस गए। संदीप की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका करीब 70 प्रतिशत शरीर जल चुका है। पुलिस के अनुसार संदीप और उसकी पत्नी सुखमनी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। झगड़ों से तंग आकर सुखमनी चार दिन पहले अपने मायके नूरपुर आ गई थी और थाना मकसूदां में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में उसने जान से मारने की आशंका जताई थी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। संदीप की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि शिकायत के बाद संदीप खुद को अपमानित महसूस कर रहा था। इसी रंजिश के चलते वह वीरवार शाम ससुराल पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने घर के बाहर अपने ऊपर तेल छिड़का और फिर हथियार लेकर अंदर घुस गया। घर में मौजूद धर्मपाल नामक रिश्तेदार के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो संदीप ने खुद को आग लगा ली। आग लगने के बाद वह पत्नी की ओर बढ़ा, लेकिन सुखमनी ने खुद को बचाते हुए उसे धक्का दिया और बाथरूम में बंद हो गई। घर में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी की बेटी दिलप्रीत ने भी उसे रोकने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ झुलस गए। आग बुझाने के प्रयास में आगे आए सरबजीत सिंह (पत्नी के चाचा) भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। ^ मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायलों के बयान दर्ज किए जाएंगे और आरोपी की हालत में सुधार होने पर उससे भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। -एसएचओ गुरप्रीत सिंह, थाना मकसूदां


