सरगुजा जिला सहकारी और केंद्रीय बैंक के तहत शंकरगढ़ और कुसमी शाखा में 28 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। पुलिस ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक अशोक सोनी समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि 12 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज की गई है। बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने मामले का खुलासा किया। दरअसल, बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ और कुसमी सहकारी बैंकों में फर्जी खाता खोला गया। शिकायत मिलने पर जिला सहकारी बैंक, सरगुजा के प्राधिकृत अधिकारी और सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर ने इसकी जांच कराई, तो बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पकड़ी गई। बैंक के खातों की साल 2012 से 2024 तक की आडिट में शंकरगढ़ और कुसमी बैंक शाखाओं से 23 करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया था। अब बैंकों के खातों के ऑडिट में घोटाले की रकम 28 करोड़ रुपए हो गई है। कुसमी थाने में दर्ज है FIR इस मामले में जिला सहकारी बैंक, सरगुजा के प्राधिकृत अधिकारी विलास भोस्कर ने FIR के निर्देश दिए थे। जिस पर सहकारी बैंक के सीईओ ने जांच रिपोर्ट और FIR के लिए आवेदन बलरामपुर पुलिस को दिया था। जिसके बाद कुसमी थाने में तत्कालीन बैंक प्रबंधक अशोक सोनी समेत 12 लोगों के खिलाफ धारा 409, 420, 467, 468, 471, 120बी, 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। इनकी हुई गिरफ्तारी इस मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अशोक कुमार सोनी (56) शंकरगढ़, सेवानिवृत्त पर्यवेक्षक विकासचंद पांडवी (70) अंबिकापुर, सेवानिवृत्त समिति प्रबंधक एतवल सिंह (69) दरिमा, सरगुजा, सेवामुक्त प्रबंधक विजय कुमार उईके (50) बसंतपुर, सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक समल साय (65) भगवतपुर बलरामपुर। सहायक लेखापाल जगदीश प्रसाद (50) कुसमी, लिपिक ताबरक अली निवासी अंबिकापुर, संस्था प्रबंधक लक्ष्मण देवांगन (56) मनेंद्रगढ़, मुख्य पर्यवेक्षक राजेंद्र प्रसाद पांडेय (60) अंबिकापुर, समिति प्रबंधक जमड़ी सुदेश कुमार यादव (30) और कंप्यूटर ऑपरेटर प्रकाश कुमार सिंह (35) शंकरगढ़ शामिल हैं। इस तरह की गई गड़बड़ी मुख्य आरोपी शंकरगढ़ के शाखा प्रबंधक अशोक कुमार सोनी शाखाओं में 10 सालों तक पदस्थ रहे। उन्होंने बैंक में फर्जी खाते खोले। समितियों के खातों और फर्जी खातों के साथ ही बैंक के खाते से बड़ी रकम की कैश निकासी की गई। ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए गए। आरोपियों के खाते में ट्रांसफर हुए पैसे जांच में पता चला है कि, अशोक कुमार सोनी के खाते में 1 करोड़ 36 लाख रुपए, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रकाश कुमार सिंह के खाते में 4 लाख 64 हजार रुपए, महामाया कंस्ट्रक्शन कंपनी के खाते में 30 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। अंबिकापुर के एक ज्वेलर्स के अकाउंट में डेढ़ करोड़ रुपए ट्रांसफर हुए। अब तक जांच में 28 करोड़ की गड़बड़ी पकड़ी गई है। बढ़ सकता है घोटाले का आंकड़ा जिला सहकारी बैंक, सरगुजा के प्राधिकृत अधिकारी एवं सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर ने बताया कि पूर्व की जांच में 23 करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया था। ऑडिट के दौरान यह राशि 28 करोड़ रुपए पहुंच गई है। ऑडिट जारी है। जिससे घोटाले की रकम बढ़ सकती है।


