सहकारी समिति के गोदाम से धान चोरी:80 बोरा माल चोरी हो गया और जिम्मेदारों को पता ही नहीं चला

दुर्ग जिले की धमधा थाना अंतर्गत हिरेतरा सहकारी समिति के गोदाम से 80 बोरा धान चोरी हो गया और जिम्मेदारों को पता ही नहीं चला। चौकीदार समिति को लावारिश छोड़कर चला गया था और किसी ने वहां से धान चोरी कर लिया। सहायक प्रबंधक ने धमधा थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया है। धमधा पुलिस ने बताया कि घोठा सहकारी समिति के सहायक प्रबंधक राजू लाल पटेल (33 साल) निवासी ग्राम घोठा ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि सहकारी समिती ग्राम घोठा में साल 2013 से सहायक प्रबंधक के पद पर पदस्थ है। धान खरीदी केन्द्र ग्राम हिरेतरा में 14 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हुई थी। किसानों का धान खरीदी कर धान के बोरों को लाट के रूप में रखा गया है। एक लाट में करीबन 2500 बोरो की संख्या रहती है। 13 दिसंबर की शाम 6 बजे जब उन्होंने लाट में रखे धान के बोरों का मिलान किया तो उन्हें बोरों की संख्या कम मिली। मंडी के चौकीदार युवराज वर्मा से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वह आफिस के काम से दूसरी सोसायटी ग्राम घोठा धान खरीदी केन्द्र चला गया था। युवराज ने बताया कि वह सोमवार सुबह 8.30 बजे धान खरीदी केंद्र हिरेतरा लौटा था। आने के बाद जब जब उसने लाट में रखे बोरों की निगरानी की तो उसने पाया कि धान के बोरों की संख्या कम दिखी। उस समय उसके साथ एक और चौकीदार तामरज साहू भी था। इसके बाद उन लोगों ने सभी बोरों की गिनती की तो पता चला कि 2500 बोरा में से करीब 80 बोरा धान नहीं था। मंडी परिसर के आस पास जानकारी लेने पर भी कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन लोगों ने शाखा प्रबंधक भूपेन्द्र सिंह मढरिया को जानकारी दी। इसके बाद उन लोगों ने थाने जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *