सहारनपुर में केरल से पहुंची युवती ने दूल्हे को अपना शौहर बता निकाह रुकवा दिया। युवती ने दुल्हन के पिता-भाई को बताया कि 7 साल से प्रेम संबंध है। मेरा निकाह हो चुका है। यह मेरे शौहर हैं। अब मैं इन्हें किसी और का नहीं होने दूंगी। मामला गागलहेड़ी थाना क्षेत्र का है। दुल्हन पक्ष ने युवती से सबूत मांगे तो युवती ने अपने निकाह के फोटो दिखाए। इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके पिता को बंधक बना लिया। काफी देर तक हंगामा चला। दुल्हन पक्ष के लोग दूल्हे और उसके पिता को लेकर थाने पहुंच गए। देर रात तक थाने में दोनों पक्षों की शादी में हुए खर्च को लेकर बातचीत चली। समझौता होने के बाद रात करीब 12 बजे सभी लोग वापस लौट आए। इधर दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाकर उदास बैठी रही। अब पढ़िए पूरा मामला थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में रहने वाली एक युवती का निकाह मंगलवार को बिहारीगढ़ के गांव शेरपुर निवासी दिलबहार से हो रहा था। शाम करीब 6 बजे दूल्हा बारात लेकर पहुंचा। करीब आठ बजे निकाह की रस्में हो रही थीं। इसी बीच एक युवती पहुंची। उसने बताया कि वह केरल के जिला अन्नाकुलम की रहने वाली है। जिसकी शादी हो रही है वह दिलबहार उसका शौहर है। युवती चिल्लाने लगी कि इसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी है। इसने मेरे साथ निकाह किया है , अब किसी और से निकाह कर रहा है। युवती के जोर-जोर से चिल्लाने पर लड़की पक्ष के लोग उसके पास पहुंच गए और उससे बात की। उसने बताया कि दिलबहार केरल में फर्नीचर का काम करता था। उसी दौरान उसकी उससे दोस्ती हो गई। यह दोस्ती प्रेम प्रसंग में बदल गई। इस दौरान वह दोनों एक दूसरे के बेहद करीब आ गए। उसने बताया कि उसका दिलबहार से सात साल से अफेयर चल रहा है। उसने उससे निकाह करने के लिए कहा था। इस बीच उसके उससे संबंध भी बने। प्रेमिका बोली-मेरे साथ दिलबहार कर चुका है निकाह दुल्हन पक्ष के लोगों ने केरल से आई युवती और दूल्हा बने दिलबहार को बैठाया। इसके बाद दोनों से बातचीत की। युवती ने बताया कि दिलबहार उसके साथ सात साल से रह रहा है। उसके साथ निकाह भी किया है। दुल्हन पक्ष के लोगों ने निकाह के सबूत मांगे तो उसने फोटो और वीडियो दिखा दिए। साथ ही दूल्हा बने प्रेमी की मोबाइल में सारी चैटिंग दिखाई। युवती ने कहा-उसने सारी बात दिलबहार के भाई गुलबहार को बताई थी। बताया कि दिलबहार ने उससे शारीरिक संबंध बनाए। इससे वह गर्भवती हो गई थी, मगर उसने गर्भपात करवा दिया था। बताया कि केरल में ये सब गलत काम करके आया है। इसके भाई को भी सब बात पता है। कहा कि दिलबहार सब भूल रहा है। इनके परिवार के लोगों को सब पता है। इसकी भाभी और भाई भी रिश्ता लेकर मेरे घर गए थे। 2018 से ये मेरे घर आ रहा है। 2021 में हम दोनों का निकाह हुआ था। निकाह के पेपर भी ये ले गया था। इस पर दूल्हा बने प्रेमी ने कहा, निकाह कैसे हो सकता है। युवती के साथ उसके मां-बाप ही थे। मेरी ओर से कोई नहीं था। ये लड़की झूठ बोल रही है। उसके भाई से भी इस लड़की कोई बात नहीं हुई है। इस पर दुल्हन पक्ष के लोगों ने कहा कि सच्चाई बता दो। यदि तुम्हारा इससे निकाह हुआ है तो सबूत दे दो। यदि ऐसा हुआ है तो तुम इसके साथ ही जाओगी। क्योंकि हम अपनी लड़की का निकाह नहीं करेंगे इसके साथ। क्योंकि लड़का कह रहा है कि वो एक साल से ही जानता है। इस पर युवती ने फोटोग्राफ दिखा दिए। युवती के साथ दिलबहार के फोटो और वीडियो देखकर दुल्हन के भाई और पिता को गुस्सा आ गया। उन्होंने दूल्हे और उसके पिता को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया। दोनों पक्ष थाने पहुंचे। जहां दुल्हन पक्ष के लोगों ने धोखा देने की बात कहते हुए मुकदमा दर्ज कराने की बात कही। इसी बीच दूल्हे का पिता सलाह करने की बात कहकर गाड़ी में बैठ गया और भागने लगा। तभी लड़की पक्ष ने उसके पिता को दोबारा से पकड़ लिया और थाने में ले आए। रात करीब 12 बजे तक थाने में दोनों पक्ष में समझौता हुआ। दूल्हा पक्ष ने निकाह में खर्च हुआ पैसा देने की बात कही। नवंबर में दर्ज कराया था मुकदमा युवती का कहना है कि नवंबर माह में दिलबहार ने उसे साथ रखने से मना कर दिया और यहां भाग गया। इस पर उसने 30 नवंबर को केरल के थाने में दिलबहार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद भी दिलबहार नहीं बदला। उसने कहा कि वह उसके साथ रहना चाहती है। उसने झांसा देकर उसका मानसिक और शारीरिक शोषण किया है। अगर वह उसे नहीं अपनाएगा तो कानूनी कार्रवाई करेगी। वह किसी और लड़की बर्बाद नहीं होने देगी। दिलबहार उसे धोखा देकर दूसरे से निकाह कर रहा है। दो सगी बहनों का था निकाह थाना गागलहेड़ी क्षेत्र निवासी दो सगी बहनों का मंगलवार को निकाह था। बड़ी बहन का निकाह दिलबहार से होना था। जबकि दूसरे की बरात भी कस्बे से ही आई थी। इधर दिलबहार की प्रेमिका ने मौके पर पहुंच कर जब हंगामा शुरू किया तो वहां कुछ देर के लिए रस्में रुक गईं। मामला बढ़ा ताे एक बहन का जल्दी जल्दी निकाह पढ़ा गया, जबकि दूसरी बहन हाथों में दिलबहार के नाम की मेहंदी लगाकर मायूस बैठी रही। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि दुल्हन पक्ष ने निकाह तोड़ दिया है। अभी किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। ………………………………… पत्नी से तंग आकर AI इंजीनियर पति का सुसाइड:1 घंटे का वीडियो बनाया, 40 पन्ने का नोट लिखा, जौनपुर की महिला जज पर भी आरोप बेंगलुरु में AI इंजीनियर के सुसाइड का मामला सामने आया है। इंजीनियर की ससुराल जौनपुर में है। 34 साल के अतुल सुभाष ने पत्नी और सास पर पैसों के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए सुसाइड कर लिया। उन्होंने 1:20 घंटे का वीडियो और 24 पेज का लेटर जारी किया। जिसमें लिखा- मेरे पास आत्महत्या के सिवा कोई उपाय नहीं बचा है। अतुल ने जौनपुर की एक जज पर भी गंभीर आरोप लगाए। लेटर में लिखा कि जज ने मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 5 लाख रुपए मांगे थे। अतुल ने यह भी लिखा कि उसकी पत्नी, सास और जौनपुर की जज ने उसे सुसाइड करने को कहा था। पढ़ें पूरी खबर


