सांगोद में मशालों से गूंजा विरोध:वीर सांगा पटेल की प्रतिमा और चौराहा नामकरण की मांग पर उमड़ा जनसैलाब

कोटा ग्रामीण के सांगोद कस्बे में वीर सांगा पटेल की प्रतिमा स्थापना और चौराहे के नामकरण को लेकर चल रहा आंदोलन अब और तेज हो गया है। सरकार से हुई वार्ता विफल होने के बाद बुधवार शाम को कस्बे में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला, जब सैकड़ों लोग हाथों में जलती मशालें लेकर सड़कों पर उतर आए। पूरा सांगोद मशालों की रोशनी में जगमगा उठा और प्रशासन के खिलाफ विरोध के स्वर गूंजने लगे। बड़ी संख्या में लोग सांगोद के खाड़ा परिसर में एकत्रित हुए। इस मशाल जुलूस की खास बात यह रही कि प्रदर्शनकारी अपने-अपने घरों से खुद मशालें बनाकर लाए थे। खाड़ा परिसर में मशालें जलाने के बाद जुलूस तहसील रोड, सब्जी मंडी और गांधी चौराहा होते हुए आगे बढ़ा। पूरे मार्ग पर सांगा पटेल के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। जुलूस में युवाओं के साथ-साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे यह साफ हो गया कि आंदोलन को हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। अंत में जुलूस गायत्री चौराहे पर पहुंचा, जहां यह एक सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के वक्ताओं ने दो टूक कहा कि जब तक अदालत चौराहे पर वीर सांगा पटेल की प्रतिमा स्थापना और चौराहे का नामकरण नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में यह विरोध और अधिक व्यापक और उग्र रूप ले सकता है। इस बार की भारी भीड़ ने प्रशासन की चिंता जरूर बढ़ा दी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *