सांचौर में शिवनाथ महाराज की वर्षी के अवसर पर मेघवाल युवा ब्लड ग्रुप के दो सदस्यों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। मूलाराम वाघेला ने 24वीं बार, जबकि रमेश परमार ने 10वीं बार रक्तदान किया। दोनों रक्तदाताओं ने समाज के युवाओं से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है और यह समाज में सेवा व परोपकार की भावना को भी मजबूत करता है। साथ ही, नियमित रक्तदान स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होता है। मेघवाल युवा ब्लड ग्रुप के सदस्यों ने कहा- समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है, क्योंकि दुर्घटनाओं, ऑपरेशन या गंभीर बीमारियों के दौरान मरीजों को तत्काल रक्त की जरूरत होती है। ऐसे में रक्तदाताओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है। विभिन्न समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने मूलाराम वाघेला और रमेश परमार के इस मानवीय कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पहल से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और अन्य युवा भी रक्तदान के लिए प्रेरित होते हैं। मेघवाल युवा ब्लड ग्रुप ने सभी युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आग्रह किया।


