अशोकनगर के संदीपनी विद्यालय में बुधवार दोपहर आयोजित फेयरवेल पार्टी विवादों में घिर गई है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्कूल परिसर के भीतर फिल्मी गानों पर जमकर डांस किया। आरोप है कि कुछ गाने स्कूल के माहौल के अनुरूप नहीं थे। हैरानी की बात यह रही कि कार्यक्रम के समय विद्यालय का स्टाफ भी मौजूद था, फिर भी इस पर कोई रोक-टोक नहीं की गई। वीडियो सोशल मीडिया पर हुए वायरल
फेयरवेल पार्टी खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद इसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। वीडियो में छात्र-छात्राएं खुले तौर पर डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया और लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। शहर में वाहनों से रैली, खतरनाक स्टंट
डांस कार्यक्रम के बाद कई छात्र-छात्राएं वाहनों में सवार होकर शहर में रैली निकालते दिखे। इस दौरान उन्हें ट्रैक्टर, खुली जीप, स्कॉर्पियो और कारों में खतरनाक तरीके से सफर करते देखा गया। कुछ छात्र वाहन के दरवाजों पर बैठे थे और उनका आधा शरीर बाहर लटका हुआ था। इन स्टंट में युवकों के साथ-साथ युवतियां भी शामिल थीं। लोगों ने उठाए सवाल
पार्टी में ‘फंस गई जल मछली’, ‘सेकेंड हैंड जवानी’, ‘जवानी जानेमन’, ‘अफगान जलेबी’ और ‘ऊपर गौरी का मकान’ जैसे गाने बजाए गए। इन गानों पर डांस और इसके बाद किए गए स्टंट को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी देखी जा रही है। लोग स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल उठा रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


