कांग्रेस पार्टी के छात्र संगठन एनएसयूआई की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी में दौसा जिले के कई छात्र नेताओं को जगह मिली है। प्रदेश कार्यकारिणी में सांसद मुरारीलाल मीणा की बेटी निहारिका जोरवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष और तलब खान को प्रदेश महासचिव बनाया गया है। इसके साथ ही तुषार कटारा, अजय मीणा, दीपक सिंह चौहान, राहुल कुमार मीणा, रिंकू चेची को प्रदेश सचिव और अंकित सत्तावन, देवेंद्र सिंह गुर्जर, मोईन खान को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। संगठन के प्रभारी कन्हैया कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के निर्देशन में प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ द्वारा जारी की गई लिस्ट में आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, 67 महासचिव, 92 सचिव और 60 संयुक्त सचिवों की घोषणा की गई है। जिसमें दौसा जिले के 10 छात्र नेताओं को जगह मिली है। छात्रसंघ अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुकी निहारिका सांसद मुरारीलाल मीणा की बेटी निहारिका जोरवाल राजस्थान यूनिवर्सिटी से छात्रसंघ अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। उस वक्त उन्होंने एनएसयूआई से दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर बगावत कर बतौर निर्दलीय प्रत्याशी प्रेसिडेंट का चुनाव लड़ा था। हालांकि करीबी मुकाबले में निहारिका को हार का सामना करना पड़ा था।


