राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने शनिवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा में भाग लिया। उन्होंने सदन के सामने भारत सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया। डॉ. सोलंकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में ऐसे ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनका लाभ सीधे देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। डॉ. सोलंकी ने बताया कि महामहिम राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में देश की प्रगति, आत्मनिर्भर भारत के विजन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विश्व पटल पर भारत की बढ़ती भूमिका को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है। उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण को प्रेरणादायी और राष्ट्र की दिशा तय करने वाला बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की चर्चा करते हुए कहा कि इसने गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाया है। वर्ष 2014 से अब तक 4.5 करोड़ से अधिक गरीब परिवार पक्के घरों में रह रहे हैं। अब 3.5 करोड़ नए घरों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से इस वर्ष भी 32 लाख से अधिक घर बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारें कभी ऐसे कार्यों की कल्पना नहीं कर सकीं। उज्ज्वला योजना पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सोलंकी ने कहा कि 10 करोड़ से अधिक माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति मिली है। उन्होंने बताया कि पहले चूल्हे के धुएं से महिलाएं आंखों की रोशनी तक खो देती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उनके दर्द को समझा और उज्ज्वला योजना के माध्यम से उनके जीवन में प्रकाश लाया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की पारदर्शिता का परिणाम बताया कि आज डीबीटी (DBT) से पैसे सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुँचते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 के बाद कोई बड़ा घोटाला सामने नहीं आया, जबकि 2014 से पहले अखबार घोटालों से भरे रहते थे। आयुष्मान योजना से मिला 11 करोड़ को लाभ आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में 62 करोड़ लोग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। बीते वर्ष 11 करोड़ से अधिक लोगों ने इलाज कराकर स्वास्थ्य सुरक्षा पाई है। उन्होंने कांग्रेस पर 70 वर्षों में गरीबों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कुछ न करने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब को सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों तक पहुँचाने का काम किया है।


