भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले के हाई‑स्कूल मैदान में तीन दिवसीय जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव और एग्रीटैक कृषि मेला 2026 का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, एसपी विजय पांडेय आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि महोत्सव ने जांजगीर‑चांपा को विशेष पहचान दिलाई है। एग्रीटैक कृषि मेला किसानों को नई तकनीक और उन्नत कृषि विधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में उत्पादन बढ़ा है और आर्थिक समृद्धि में भी वृद्धि हुई है। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता मिरी ने कहा कि लोक महोत्सव हमारे पूर्वजों की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित और समृद्ध करने का अवसर है। उन्होंने लोगों से विभागीय स्टॉलों के माध्यम से नई जानकारी और नवाचारों को जानने की अपील की। पूर्व सांसद कमला देवी पाटले ने इसे जिले के लिए गर्व का अवसर बताया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि यह महोत्सव सांस्कृतिक विरासत और कृषि नवाचार का अनोखा संगम है। इसमें कलाकार, विद्यार्थी, किसान और आमजन सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय स्टॉलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और विकास यात्रा की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। कार्यक्रम का संचालन आलोक शुक्ला सचिव अशासकीय विद्यालय संचालक संघ ने किया। लोटस स्कूल के संचालक प्रतीक गुप्ता, संरक्षक रोशन केशरवानी, पामगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष धनंजय दिव्य और उपाध्यक्ष धनेश मिश्रा सहित कई नागरिक उपस्थित रहे। सांस्कृतिक संध्या ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया उद्घाटन के साथ ही सांस्कृतिक संध्या ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं ने लोक गीत, पारंपरिक नृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों ने महोत्सव को जीवंत बनाया और जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया। अतिथियों ने कलाकारों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया।


