साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस-बैंकों की बैठक:जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षा मजबूत करने पर हुआ मंथन

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी बैंक प्रबंधकों और अधिकारियों के साथ एक बैठक की। यह बैठक लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर जागरूकता और बैंक व एटीएम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और बैंकों के बीच मजबूत समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने साइबर अपराध, बैंकिंग धोखाधड़ी, ऑनलाइन फ्रॉड, संदिग्ध लेनदेन और एटीएम व बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। शर्मा ने बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर फ्रॉड की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बैंकों से यह भी अपेक्षा की कि वे ग्राहकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगातार जागरूक करें और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों की मेहनत की कमाई पर पड़ता है। ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस और बैंकों के बीच मजबूत समन्वय अत्यंत आवश्यक है। जिला पुलिस जनधन की सुरक्षा और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हर संभव कदम उठा रही है और भविष्य में भी बैंकों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। बैठक के अंत में पुलिस और बैंक अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की गई। इस दौरान बैंक एवं एटीएम की सुरक्षा के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के अधिकारी, यातायात पुलिस प्रभारी बलविंदर सिंह सहित साइबर थानों के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *