साइबर ठगी गैंग का सदस्य बिहार में दबोचा:डीडवाना-कुचामन पुलिस ने लाखों की धोखाधड़ी का किया खुलासा

डीडवाना-कुचामन पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े आरोपी को बिहार में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह आरोपी पाकिस्तान में बैठे ठगों को भारतीय मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सऐप लॉगिन के लिए ओटीपी उपलब्ध कराता था, जिसके बाद ठग भारतीय नागरिकों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी करते थे। साइबर थाना प्रभारी जेठु सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने जांच—पड़ताल करते हुए पूर्वी चम्पारण, बिहार निवासी 25 वर्षीय इब्राहिम आलम को गिरफ्तार किया। यह मामला 17 अक्टूबर 2025 को अलखपुरा निवासी खातुन बानो द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट से जुड़ा है। बानो ने बताया था कि व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से उनसे लगभग 12 लाख रुपए की साइबर ठगी की गई। शिकायत दर्ज होने के बाद, साइबर थाना पुलिस ने मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे ठगी नेटवर्क के तार बिहार तक पहुंचे। इसके बाद, पुलिस टीम को बिहार भेजा गया, जहां आरोपी इब्राहिम आलम को हिरासत में लिया गया। गहन पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी इब्राहिम आलम भारतीय मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सऐप लॉगिन के लिए वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) साझा करता था। इन ओटीपी का उपयोग कर विदेशी ठग उन्हीं भारतीय नंबरों से लोगों को कॉल करते थे और उन्हें अपने झांसे में लेकर धोखाधड़ी करते थे। ठगी गई रकम को किराए पर लिए गए बैंक खातों में स्थानांतरित किया जाता था। इसके बाद, यह पैसा एटीएम, ई-मित्र और अन्य माध्यमों से निकाला जाता था। निकाली गई नकदी को कैश डिपॉजिट मशीन (सीडीएम) के जरिए आगे भेजा जाता था, जिसके बदले में आरोपियों को कमीशन मिलता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *