भोपाल पुलिस कमिश्नर की फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने वाले जालसाजों को सिम देने वाला गिरोह पकड़ाया है। साइबर क्राइम विंग ने पीओएस एजेंट सहित चार आरोपियों को विदिशा से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह 150 से ज्यादा सिम ठगी करने वाले गिरोह को उपलब्ध करा चुका है। 10वीं पास पीओएस एजेंट आकाश नामदेव गांव-गांव जाकर फ्री सिम का लालच देता था। जो जाल में फंसता, उसका आधार बॉयोमीट्रिक्स दो बार यह कहकर कराता कि पहली बार में फिंगर सही नहीं लगी है। इस तरह एक आधार पर दो सिम निकालता था। एक ग्राहक और दूसरी ठगों तक पहुंचाता था। गिरोह से 36 सिम बरामद की गई हैं। पुलिस कमिश्नर की फर्जी आईडी बनाकर ठगा था
5 नवंबर को महेश कुमार से पुराना फर्नीचर सस्ते दामों में बेचने के नाम पर 45 हजार रुपए की ठगी हुई थी। यह ठगी पुलिस कमिश्नर की फर्जी फेसबुक आईडी से पोस्ट मैसेज के आधार पर हुई। इसमें बताया गया, उनके अधिकारी दोस्त का ट्रांसफर हो गया है। वह सस्ते दामों में पुराना फर्नीचर बेचना चाहता है। पुलिस ने राजस्थान के अलवर से शकील मोहम्मद और सुनील प्रजापति को गिरफ्तार किया था। इन दोनों ने फर्जी सिम देने वाले गिरोह के बारे में बताया था। इसके बाद टीम रवाना की गई। टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपियों को पकड़ा।


