साईं मंदिर में 7 नकाबपोशों गार्ड को बंधक बनाकर पीटा:मंदिर के गेट के ताले और गेट तोड़कर चोरी, सोने-चांद के मुकुट और नकदी गायब, सांई बाबा छत्री को भी तोड़ा

भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में देर रात बड़ी चोरी की वारदात हुई। करीब 7 नकाबपोश बदमाश मंदिर में घुसे, गार्ड को बंधक बनाकर पीटा और साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट व दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना रात करीब 2.30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। गुरुवार को यहां भक्तों की भीड़ रहती है, लेकिन उससे पहले ही रात में यह वारदात हो गई। गार्ड ने पुलिस को बताया कि बदमाश अचानक उसके पास पहुंचे। उन्होंने उसके हाथ-पैर बांध दिए, आंख पर कपड़ा बांध दिया और नाक भी दबा दी। डंडे से पिटाई की गई और उसे कुर्सी से गिराकर तीन बार पटका गया। मारपीट के बाद वह बेहोश हो गया। उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं और इलाज कराया जा रहा है। गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर
गेट का ताला तोड़कर चोर मंदिर के अंदर घुसे। गार्ड को काबू में करने के बाद आरोपी मंदिर के अंदर पहुंचे। दान पेटी का ताला तोड़ा और नकदी निकाल ली। साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट और चरण पादुका भी ले गए। पुलिस के मुताबिक मंदिर के कई ताले टूटे मिले हैं और दरवाजों को नुकसान पहुंचा है। बड़ी छत्री भी तोड़ी गई, लेकिन भारी होने की वजह से आरोपी उसे ले नहीं जा सके। कई और सामान को ले जाने की कोशिश की गई, पर वे सफल नहीं हुए। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
सुबह जैसे ही घटना की जानकारी मिली, मंदिर प्रबंधन और आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर भिलाई नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पीछे के घरों में भी चोरी की जानकारी
बताया जा रहा है कि मंदिर के पीछे कुछ घरों में भी चोरी की कोशिश या वारदात हुई है। शुरुआती जांच में 7 बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। सभी नकाब पहने हुए थे, इसलिए पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *