लुधियाना| लुधियाना साउथ सिटी रोड पर अवैध रूप से बन रही कमर्शियल बिल्डिंगों के खिलाफ आखिरकार कार्रवाई शुरू हो गई है। लुधियाना सिटीजन कौंसिल की शिकायत और हाईकोर्ट की सख्ती के बाद गलाडा ने शुक्रवार को एक अवैध निर्माण को गिराने का नोटिस जारी कर दिया। कौंसिल ने पहले इस मामले में संबंधित सभी विभागों को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो मजबूर होकर हाईकोर्ट में अपील दायर की। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने गलाडा अधिकारियों को फटकार लगाते हुए अवैध निर्माणों पर तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके बाद गलाडा के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर (सीए) संदीप कुमार ने निर्देश जारी किए कि साउथ सिटी रोड सहित जहां-जहां अवैध निर्माण हो रहे हैं, वहां ‘पीला पंजा’ चलाया जाए। आदेश के तहत शुक्रवार को गलाडा की टीम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।


