सागर का मामला:फेरे के बाद चल रहीं विवाह रस्मों के दौरान दूल्हे को आया हार्टअटैक, मौत

शहर के राजघाट रोड स्थित एक शादी गार्डन में शुक्रवार रात शादी समारोह में लोग जमकर झूमे, नाचे और वरमाला के बाद रात में मंडप में दूल्हा- दुल्हन की विवाह की रस्में चल रही थीं। तड़के जब विवाह की पांव पखराई की रस्म चल रही थी, दूल्हे को हार्टअटैक हुआ और वह मंडप में ही अचेत हो गया। घबराए परिजन उसे बीएमसी लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। शनिवार तड़के हुई हतप्रभ कर देने वाली घटना जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह 6.30 बजे की है। मूलत: जैसीनगर के रहने वाले हर्षित चौबे 28 साल का विवाह सागर के श्रीराम नगर स्थित एक परिवार में तय हुआ था। शुक्रवार 17 जनवरी को जैसीनगर से बारात सागर आई थी। बारात में सभी रिश्तेदार और परिचित शामिल हुए। वरमाला के बाद देर रात विवाह की रस्में हुईं। मंडप में पांव पखराई के दौरान दूल्हे हर्षित को पहले बैचेनी महसूस हुई, उसके कुछ देर बाद ही दूल्हा हर्षित अचेत हो गया। घबराए परिजन उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे लेकिन ड्यूटी डॉक्टर ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। दोनों परिवार मेंं विवाह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। बताया गया है कि हर्षित गोपालगंज क्षेत्र में मेडिकल स्टोर का संचालन करता था और उसका हाल निवास परकोटा वार्ड में था। शनिवार दोपहर बाद जैसीनगर में हर्षित का अंतिम संस्कार किया गया। बीएमसी के डॉ मनीष जैन ने बताया कि तेज ठंड के कारण युवाओं में भी ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ने के केस ज्यादा आ रहे हैं। इससे नसों में ब्लाकेज की समस्या आती है। परिवार में किसी को बीपी, शुगर या हार्टअटैक की समस्या है तो डॉक्टर से परामर्श करते रहें और ठंड से बचाव भी बहुत जरूरी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *