सागर की विनायका थाना पुलिस ने शासकीय शिक्षक के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 1 साल से फरार था। गिरफ्तार आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई। जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, 24 दिसंबर 2024 को फरियादी हरिराम अहिरवार निवासी ग्राम जगथर ने थाने आकर शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि वह ग्राम सिलापरी में स्थित शासकीय विद्यालय में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। 24 दिसंबर को आरोपी कल्यान पिता राजपाल सिंह बुंदेला निवासी सिलापरी बगैर किसी अनुमति से विद्यालय परिसर में घुस गया। अन्य स्टाफ ने बीचबचाव कर बचाया उसे विद्यालय में आने से रोका तो वह गालीगलौज करने लगा। गाली देने से मना किया तो मारपीट की गई। विवाद होते देख स्कूल के अन्य स्टाफ ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। घटनाक्रम के बाद आरोपी फरार हो गया। जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी बीच मंगलवार को आरोपी की लोकेशन पुलिस को गांव के पास मिली। लोकेशन मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी कल्यान सिंह बुंदेला को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई है। विनायका थाना प्रभारी भूपेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि शिक्षक से मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया है।


