सागर में 6 माह से लापता युवक का मिला कंकाल:पत्नी के प्रेमी ने पत्थर से सिर कुचलकर की थी हत्या, सेप्टिक टैंक में फेंका था शव

सागर के देवरी में 6 महीने पहले लापता हुए युवक के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। लापता युवक की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में फेंका गया था। हत्या की वारदात को अंजाम युवक की पत्नी के पूर्व प्रेमी ने दिया था। पुलिस ने सोमवार को संदेह के आधार पर उसे पकड़ा और सख्ती से पूछताछ की तो वारदात उगल दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सेप्टिक टैंक से मानव कंकाल के अवशेष बरामद किए हैं। जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। डीएनए जांच के बाद मृतक की पहचान स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि प्राथमिक रूप से मृतक की पहचान लापता प्रिंस के रूप में ही मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रिंस पिता राजेश वाल्मीकि उम्र 22 साल निवासी लक्ष्मीनगर बहेरिया सागर अपनी पत्नी के साथ देवरी में रहता था। 20 अगस्त को प्रिंस अचानक लापता हो गया। घर नहीं लौटने पर 22 अगस्त को उसकी पत्नी तुलसी बाई ने देवरी थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसने आखिरी बार पति प्रिंस को 20 अगस्त की शाम 7 बजे देखा था। मामला दर्ज कर पुलिस ने प्रिंस की तलाश शुरू की। छानबीन के दौरान प्रिंस के परिजन ने उसकी पत्नी के पूर्व प्रेमी शोएब पिता नमाज खान उम्र 23 साल निवासी देवरी पर संदेह जताया। पत्नी से अवैध संबंधों के चलते की थी हत्या
संदेह के आधार पर देवरी पुलिस ने शोएब को हिरासत में लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई। दो दिन तक पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा। लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्याकांड की कहानी उगल दी। उसने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त की रात प्रिंस वाल्मीकि शराब के नशे में था। वह देवरी के गांधी वार्ड स्थित सनसाईन स्कूल के पीछे बने ग्राउंड में बैठा था। जहां मौका मिलते ही उसने पत्थर से सिर कुचलकर प्रिंस की हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद शव को पास में बने सेप्टिक टैंक में धकेल दिया था। आरोपी के मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। वह प्रिंस को रास्ते से हटाना चाहता था। इसलिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। सेप्टिक टैंक से हडि्डयां और खोपड़ी बरामद
आरोपी का कबूलनामा सुनकर पुलिस दंग रह गए। आरोपी को मौके पर लेकर पहुंची। सोमवार रात सेप्टिक टैंक में खुदाई कराई गई। जहां से पुलिस ने नरकंकाल के अवशेष बरामद किए। मौके से खोपड़ी, हडि्डयां समेत अन्य अवशेष जब्त हुए हैं। नरकंकाल के अवशेष मिलने पर सागर से एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने वारदातस्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मानव कंकाल के अवशेषों को जांच के लिए भेजा गया है। प्राथमिक जांच में उक्त कंकाल लापता प्रिंस वाल्मीकि का होना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकृत पहचान के लिए डीएनए जांच कराएगी। हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज
देवरी थाना प्रभारी समरथ सीनम ने बताया कि 20 अगस्त 2025 को लापता हुए प्रिंस के मामले में शोएब नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर सेप्टिक टैंक से नरकंकाल के अवशेष बरामद किए हैं। उसने प्रिंस की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने की वारदात स्वीकार की है। मामले में आरोपी शोएब के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *