सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेंचा ने पादरडी बड़ी में 14 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान क्षेत्रवासियों को इन परियोजनाओं की सौगात दी। विधायक डेंचा ने जिन कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें 10 करोड़ रुपये की लागत से सरोदा से भासौर वाया पड़वा डामर सड़क चौड़ीकरण, 1 करोड़ 43 लाख रुपए की लागत से बना पीएचसी पादरड़ी बड़ी भवन, पीएम श्री स्कूल पादरड़ी बड़ी में 13 लाख रुपए का कक्षा कक्ष, 50 लाख रुपए की लागत से बना पादरड़ी बड़ी 33/11 केवी जीएसएस, 5 लाख रुपए का पादरड़ी बड़ी सार्वजनिक चौक एवं बस स्टैंड और 10 लाख रुपए की सीसी सड़क शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने 2 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से बनने वाले कंडोला बालक छात्रावास के भवन का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पटेल और प्रधान ईश्वरलाल चरपोटा भी उपस्थित रहे। विधायक डेंचा ने आमजन को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। विधायक शंकरलाल डेंचा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं, जिससे आमजन में उत्साह और विश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि भजनलाल सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु एक लाख से अधिक भर्तियों की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। किसान सम्मान निधि की हालिया किस्त जारी की गई है और अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं, जिनसे किसान, युवा, महिलाएं एवं समाज का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। इसी दौरान पंचायत समिति सदस्य विनोद मकवाणा के नेतृत्व में नवा टापरा के 20 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भारतीय आदिवासी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इन कार्यकर्ताओं ने विधायक शंकरलाल डेंचा के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया।


