जामताड़ा में शुक्रवार दोपहर एक निजी सागवान बागीचे में आग लग गई। मिहिजाम थाना क्षेत्र के रेलपार कृष्णा नगर में स्थित बगीचे में लगी आग से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। पूर्व चिरेका कर्मी राज बहादुर सिंह के बागीचे में लगी आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दीं। आसपास के रिहायशी इलाकों में धुआं फैल गया। लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। पड़ोसी उत्तम शर्मा ने तुरंत 101 डायल इमरजेंसी फायर सर्विस को सूचित किया। लोहे का गेट तोड़कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया जामताड़ा से पहुंची फायर सर्विस की टीम ने बगीचे की चहारदीवारी का लोहे का गेट तोड़कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों के अनुसार, बगीचे में सैकड़ों सागवान और महुआ के पेड़ों से गिरे सूखे पत्ते जमा थे। संभवत: किसी व्यक्ति द्वारा फेंकी गई बीड़ी या सिगरेट से आग लग गई। इस घटना में बगीचे के सामने से गुजर रही जिओ केबल नेटवर्क की लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा आसपास के घरों को भी नुकसान हो सकता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


