रेल मंत्रालय ने अजमेर मंडल के आबूरोड रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 81.51 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी के प्रयासों से यह स्वीकृति मिली है।
सांसद चौधरी ने बताया कि आबूरोड अजमेर मंडल का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। इसके पुनर्विकास से स्टेशन का स्वरूप बदलेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। स्वीकृत 81.51 करोड़ रुपए की कुल राशि में 74.87 करोड़ रुपए निर्माण लागत, 75 लाख रुपए यूटिलिटी सर्विसेज, 19 लाख रुपए आर्टवर्क, 75 लाख रुपए डिजाइन चार्ज, 7 लाख रुपए ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन, 75 लाख रुपए फर्नीचर, 77 लाख रुपए कंटीन्जेंसीज और 3.36 करोड़ रुपए डिपार्टमेंटल चार्जेज शामिल हैं। 1880 में हुई थी आबूरोड स्टेशन की स्थापना
यह पुनर्विकास कार्य अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अजमेर मंडल के 15 स्टेशनों का विकास हो रहा है। आबूरोड स्टेशन का गौरवशाली इतिहास 145 साल पुराना है, जिसकी स्थापना वर्ष 1880 में हुई थी। आबूरोड रेलवे ने मीटर गेज के स्टीम इंजन से लेकर वर्तमान में विद्युतीकृत ब्रॉडगेज लाइन पर राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत जैसी ट्रेनों के संचालन तक का सफर देखा है। यह प्रमुख पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू और अंबाजी मंदिर का प्रवेश द्वार है, जहां वर्ष भर देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु ट्रेन के माध्यम से पहुंचते हैं।


