सातमारी पहाड़ी से नक्सलियों की 3 राइफल व 28 कारतूस बरामद

पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान में बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बडेगोबरा की सातमारी पहाड़ी में छिपाकर रखे गए हथियारों का डंप बरामद किया गया। इस घने और अति संवेदनशील जंगल क्षेत्र में पहले भी नक्सली गतिविधियां होती रही हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस की ई-30 ऑप्स टीम ने करीब 50 जवानों के साथ 13 फरवरी से सर्चिंग अभियान शुरू किया था और लगातार तलाशी के बाद 16 फरवरी को सफलता मिली। इस दौरान आत्मसमर्पित नक्सली भी टीम के साथ रहे और संभावित स्थानों की पहचान कराई। सर्चिंग में बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड भी शामिल रहे। सर्च ऑपरेशन में 2 एसएलआर राइफल, 1 इंसास राइफल, 1 नग 12 बोर बंदूक, 3 एसएलआर मैग्जीन, 1 इंसास मैग्जीन और 28 जिंदा एलएलआर कारतूस बरामद किए गए। सोमवार को एसपी वेदव्रत सिरमौर ने इसका खुलासा किया। इधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल ने बताया कि जंगल क्षेत्र में आगे भी खोजबीन जारी है अभी भी अन्य हथियार या विस्फोटक डंप होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि यह हथियार प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) द्वारा एक वर्ष पहले छिपाकर रखे गए थे। नक्सली लंबे समय से जंगलों में अलग-अलग स्थानों पर हथियार और सामग्री छिपाते रहे हैं। जो अब मिल रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *