सातों संभागों के सभी जिलों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं:राज्य बजट: संभाग मुख्यालयों को इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन विकास व सिग्नल फ्री सड़कों की सौगात

प्रदेश के बजट में राज्य के सभी सातों संभागों के सभी जिलों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। बजट में की गई घोषणाओं के अनुसार सभी संभाग मुख्यालयों को सिग्नल फ्री किया जाएगा। इसके लिए सड़कों पर फ्लाईओवर, अंडरपास और पार्किंग से संबंधी काम करवाए जाएंगे। सभी संभाग मुख्यालयों पर बड़े अस्पतालों में मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए आधुनिक धर्मशालाएं बनाई जाएंगी। महिला सशक्तिकरण के लिए सभी संभाग मुख्यालय पर ‘राज सखी सेंटर’ खोला जाएगा। विकास की इन योजनाओं से संभागों में पयर्टन भी बढ़ेगा। जयपुर: अलवर में उद्योगों को गति मिलेगी, झुंझुनूं में वॉर म्यूजियम बनेगा बजट में अलवर जिले में उद्योगों के विकास के लिए आधारभूत सुविधाएं बढ़ाई गई है। कुशालगढ़ से थैंक्यू बोर्ड थानागाजी तक किमी सड़क बनेगी। भिवाड़ी-खैरथल-तिजारा औद्योगिक क्षेत्र में 220 केवी जीएसएस बनेगा। बहरोड़, नीमराना व बानसूर में औद्योगिक पार्क बनेगा। शेखावाटी में यमुना का पानी पहुंचाने वाले प्रोजेक्ट के लिए 32 हजार करोड़ रुपए की घोषणा की गई। झुंझुनूं में वॉर म्यूजियम बनेगा। सीकर व झुंझुनूं के बीच एयरपोर्ट के लिए फिजिबिलिटी सर्वे करवाया जाएगा। शेखावाटी की हवेलियों का रखरखाव व संरक्षण होगा। भरतपुर: एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने को एयरपोर्ट प्रोजेक्ट पर जल्द शुरू होगा काम नए बजट में किए गए प्रावधानों से क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर के द्वार खुले हैं। भरतपुर-डीग क्षेत्र के निवासियों के लिए नया एयरपोर्ट बनेगा। इसके लिए सरकार जल्द ही फिजिबिलिटी स्टडी शुरू करेगी। भरतपुर में 100 करोड़ रुपए की लागत से ब्रज कन्वेंशन सेंटर का बनाने की घोषणा की गई है। धार्मिक दृष्टि से कदमखंडी धाम एंचेरा (नदबई) भरतपुर का विकास किया जाएगा। लोहागढ़ किले के चारों तरफ स्थित सुजान गंगा की आउट वॉल का जीर्णोंद्धार 60 करोड़ की लागत से होगा। प्रशासनिक कार्यों की सुगमता के लिए नदबई में मिनी सचिवालय का निर्माण किया जाएगा। डीग में ​कृषि विभाग के सहायक निदेशक कार्यालय खुलेगा। अजमेर: डिस्कॉम का ग्रिड एआई-इनेबल्ड बनाएंगे, ड्रेनेज सिस्टम भी सुधरेगा प्रदेश के नए बजट में अजमेर संभाग को कई सौगात मिली हैं। अजमेर डिस्कॉम के ग्रिड को एआई-इनेबल्ड किया जाएगा। बिजली के ट्रांसफार्मर, फीडर और सब-स्टेशन की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग होगी, जिससे बिजली व्यवस्था अधिक कुशल और आधुनिक बनेगी। बिजली कटौती कम होगी। अजमेर शहर में ड्रेनेज और जल निकासी सिस्टम मजबूत करने के लिए ₹200 करोड़ का प्रावधान किया गया है। अजमेर में राजस्व मंडल का नया भवन बनेगा। पुष्कर में हैरिटेज वॉक वे बनेगा। भिनाय में औद्योगिक पार्क बनेगा। अजमेर में डेटा लैब और एआई लैब बनेगे। कोटा: टेक्नो हब बनेगा, फ्लाईओवर-अंडरपास व आरओबी भी बनाए जाएगे कोटा जिले से जुड़ी 56 घोषणाएं है। इनमें सबसे ज्यादा जल संसाधन विभाग से संबंधित है। वहीं, सिग्नल फ्री सिटी के रूप में पूरे देश में पहचान बना चुके कोटा शहर को एक फ्लाईओवर व एक अंडरपास दिया गया है। कोटड़ी में ग्रेड सेपरेटर से आगे बड़ तिराहे तक 38 करोड़ लागत का फ्लाईओवर और झालावाड़ रोड पर लायंस क्लब के निकट 20 करोड़ से अंडरपास बनाने की घोषणा की है। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए कोटा में टेक्नो हब बनेगा। बूंदी शहर विकास के लिए 188 करोड़ मिलेंगे। बारां में छबड़ा के लिए दो आरओबी दिए गए हैं। बीकानेर : पेयजल और चिकित्सा सेवाओं में होगा विस्तार, सड़कें सुधरेंगी बीकानेर क्षेत्र के लिए बजट में सड़कों, पेयजल व चिकित्सा सेवाओं में विस्तार सहित कई घोषणाएं की गई हैं। शहर में 132 केवी जीएसएस स्थापित किया जाएगा। जोड़बीड़ व बीछवाल में पेयजल पर 30 करोड़ रुपए खर्च होंगे। बीकानेर में हल्दीराम हॉस्पिटल में कार्डियोवेस्कुलर साइंस एंड रिसर्च सेंटर बनाया जाएगा। साइबर फॉरेंसिक लैब, विशेष न्यायालय एनडीपीएस मामले, सेटेलाइट में शिशु वार्ड तथा लक्ष्मीनाथ मंदिर के पास पुलिया निर्माण करने की घोषणा की गई है। गुढा में आयुष्मान आरोग्य केन्द्र, नोखा में थोक सब्जी मंडी बनाई जाएगी। उदयपुर: रीजनल कैंसर उपचार सेंटर खुलेगा, खेल अकादमी बनाई जाएगी उदयपुर संभाग के सातों जिलों- उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और सलूम्बर को मिलाकर 8 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास सौगात दी गई है। उदयपुर में राज्य अभिलेखागार भवन व महाराणा भूपाल अस्पताल में पीपीपी मोड पर रीजनल कैंसर सेंटर जैसी घोषणाएं शामिल हैं। सबसे बड़ा प्रावधान 5,900 करोड़ रुपये की सोम-कमला अम्बा सिंचाई परियोजना के लिए किया गया है। उदयपुर शहर में भुवाणा से अम्बेरी फ्लाईओवर तक सड़क सुदृढ़ीकरण योजना, प्रतापनगर-बलीचा 4-लेन सड़क, अंडरब्रिज व ब्रिज विस्तार, तथा डबोक से टांक तक सड़क शामिल है। जोधपुर: शहर में 55 करोड़ रुपए से बनेंगे दो अंडरपास, एक फुटओवर ब्रिज बनेगा बजट में जोधपुर के इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के साथ ही पानी, पर्यावरण व पर्यटन के लिए 300 करोड़ से ज्यादा का बजट प्रावधान किया। जोधपुर को जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और जालोर को शामिल करते हुए थार सांस्कृतिक सर्किट बनाने की घोषणा की है। इससे जोधपुर के साथ इन शहरों में भी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। शहर में 55 करोड़ रुपए से बनेंगे दो अंडरपास, एक फुटओवर ब्रिज और भाटी चौराहा व जलजोग सर्किल पर अंडरपास के लिए 50 करोड़ रु., पाल रोड पर लूनी पंचायत समिति के सामने फुटओवर ब्रिज बनेगा। सरदारपुरा में सड़क निर्माण व इंटरलॉकिंग का कार्य होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *