स्टेट इनवायरमेंट इंपैक्ट असेसमेंट अथॉरिटी (सिया) ने राज्य के सात और घाटों से बालू उत्खनन के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इनमें लोहरदगा के चार, गढ़वा के दो और रांची के एक बालू घाट शामिल हैं। गुरुवार को झारखंड राज्य खनिज विकास निगम में सिया की हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के बाद झारखंड राज्य खनिज विकास निगम अब बालू उत्खनन से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेगा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन घाटों से बालू का उत्खनन जल्द प्रारंभ हो सकेगा। सिया ने अब तक राज्य के कुल 58 बालू घाटों से उत्खनन प्रारंभ करने के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति दी है। यहां मालूम हो कि झारखंड राज्य खनिज विकास निगम के पास ग्रेड टू के कुल 444 बालू घाट हैं। इनमें अभी तक 25 घाटों से ही बालू उत्खनन प्रारंभ हो सका है।


