भास्कर न्यूज | नारायणपुर जिले के सुदूर क्षेत्रों के प्रतिभावान छात्रों के सपनों को अब नई उड़ान मिल रही है। कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संचालित परियना जेईई एवं नीट आवासीय कोचिंग सेंटर एजुकेशन हब, गरांजी के छात्रों ने सत्र 2025-26 की जेईई मेन्स परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। संस्था में अध्ययनरत गणित संकाय के कुल 28 विद्यार्थियों में से 7 छात्रों ने पिछले वर्ष के कट-ऑफ अंकों के आधार पर जेईई एडवांस के लिए क्वालीफाई कर लिया है। क्वालीफाई करने वाले छात्रों में मुख्य रूप से लुकेश आर्य 55.23, मोहनीश बघेल 77.62, अविनाश 64.39, राकेश 62.26, निखिल रावटे 62.07, सुखदर सलाम 54.94 और रविशंकर ने 58.85 प्रतिशत हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। इस सफलता पर कलेक्टर नम्रता जैन, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल एवं नोडल अधिकारी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं और उनके शिक्षकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। अधिकारियों ने कहा कि नारायणपुर के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और मंच की आवश्यकता है, जो परियना कोचिंग के माध्यम से सफल सिद्ध हो रहा है।


