भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल संकुल केंद्र दुर्गूकोंदल में राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर निशुल्क कोचिंग की शुरुआत की गई। बीईओ एसपी कोसरे, एबीईओ अंजनी मंडावी, बीआरसी लतीफ सोम के मार्गदर्शन में कन्या हाईस्कूल प्राचार्य सुनीता कुंजाम के निर्देशन व संकुल समन्वयक शंकर नागवंशी के प्रयास से कोशिश से एकलव्य प्राचार्य बैजनाथ नरेटी के मुख्य आतिथ्य में कोचिंग शुरू किया गया। नरेटी ने कहा विद्यालय से ही छात्र का भविष्य निर्माण होता है। एकलव्य का उदाहरण देते हुए कहा अभ्यास ही गुरु है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को पेन और कॉपी भेंट किया। पेन भेंट करते कहा इस पेन से इतिहास लिखना है, हम इतिहास पढ़ रहे हैं, लेकिन हमें इतिहास रचना है। कोचिंग का मुख्य उद्देश्य आठवीं के बच्चों को राज्य स्तरीय राष्ट्रीय आय व योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयन कर छात्रवृत्ति प्रदान करना व प्रयास विद्यालय चयन परीक्षा में उत्तीर्ण कराना है। कोचिंग कक्षा में बालक माध्यमिक शाला दुर्गूकोंदल के 10 छात्र-छात्राएं व कन्या माध्यमिक विद्यालय दुर्गूकोंदल के 15 छात्र-छात्राओं को अध्यापन कराया जा रहा है। कोचिंग में सभी विषयों के विषय शिक्षक कालखंड अनुसार अध्यापन कार्य कराया जा रहा है। इस अवसर पर शिक्षक श्रीपति दत्ता, हरिशंकर उयके, पूनम वाधवानी, मधु ध्रुव, प्रियंका यादव, मान बाई साहू, नरेंद्र साहू, जागेंद्र डहरे, कौशल जैन, धर्मेंद्र, सहायक मंडल संयोजक सतीश जुर्री के साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।


