जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के मामले में FSL रिपोर्ट आ चुकी है। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि रिपोर्ट में साध्वी को जहर देने या दूसरे अप्राकृतिक कारणों से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके साथ ही उनके साथ किसी तरह की गलत घटना के सबूत भी नहीं मिले हैं। FSL रिपोर्ट गुरुवार रात जोधपुर पुलिस कमिश्नर को मिली। इसके बाद डीसीपी वेस्ट विनीत कुमार बंसल के जरिए मेडिकल बोर्ड को भेजी गई है। अब पोस्टमॉर्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड के डॉक्टर रिपोर्ट का एनालिसिस कर मौत के कारणों का खुलासा करेंगे। SIT जांच में साध्वी को अस्थमा होना आया था सामने सूत्रों के मुताबिक- FSL जांच में साध्वी प्रेम बाईसा की मौत को लेकर लगाई जा रही अटकलें बेदम साबित हुई हैं। उनके साथ किसी तरह की गलत घटना के सबूत भी रिपोर्ट में नहीं मिले हैं। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) साध्वी की मौत को लेकर कई एंगल से जांच कर रही है। साध्वी के बीमार होने के बाद उन्हें प्रेक्षा हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया था। SIT ने प्रेक्षा हॉस्पिटल के मालिक, डॉक्टर और अन्य स्टाफ से भी पूछताछ की थी। इसमें डॉक्टर ने बताया था कि साध्वी हॉस्पिटल में कुछ महीने पहले खांसी-जुकाम की दवा लेने आई थी। जांच में टीम को साध्वी प्रेम बाईसा को अस्थमा की बीमारी होने का भी पता लगा है। FSL जांच 11 दिन में पूरी हुई जोधपुर शहर के बोरनाडा रोड के आरती नगर स्थित आश्रम में 28 जनवरी को साध्वी प्रेम बाईसा की तबीयत बिगड़ी थी। उन्हें जुकाम हो गया था। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। इलाज के लिए कंपाउंडर देवीलाल सिंह को बुलाया गया था। कंपाउंडर देवीसिंह ने दो इंजेक्शन लगाए। इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद उनकी तबीयत अचानक और ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें लेकर पाल रोड स्थित प्रेक्षा हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। साध्वी के पिता वीरमनाथ शव को आरती नगर स्थित आश्रम ले आए। पुलिस की दखल के बाद 29 जनवरी को देर शाम एमजीएच हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। 30 जनवरी को बाड़मेर के परेऊ गांव में साध्वी प्रेम बाईसा को समाधि दी गई। 31 जनवरी और 1 फरवरी को शनिवार-रविवार का अवकाश था। ऐसे में 2 फरवरी को विसरा सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। 11 दिन में एफएसएल जांच पूरी हुई। इसके बाद रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई। प्रेम बाईसा की मौत से जुड़ी ये 4 खबरें भी पढ़िए… 1. राजस्थान- साध्वी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद समाधि:पिता बोले- गलत इंजेक्शन से गई जान; भक्तों ने पिता पर ही सवाल उठाए 2. राजस्थान- कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के बाद हंगामा-तनाव:पिता का दावा- इंजेक्शन के कारण जान गई 3. दावा– राजस्थान की साध्वी की इंजेक्शन से मौत हुई:पिता बोले- उनके अंतिम शब्द थे ‘मुझे न्याय दिलाना’, इसलिए 4 घंटे बाद इंस्टाग्राम पोस्ट की 4. साध्वी को इंजेक्शन लगाने वाला नर्सिंग-ऑफिसर पहली बार आया सामने:कहा- प्रेम बाईसा को सांस लेने में दिक्कत थी, 2 इंजेक्शन लगाए थे


