रांची | मकर संक्रांति पर शहर के विभिन्न संस्थाओं ने कई कार्यक्रम का आयोजन किया। किसी ने बच्चों के साथ मकर संक्रांति मनाई तो किसी ने दान पुण्य कर कंबल का वितरण किया। वैश्य चौधरी कल्याण समिति, रातू रोड ने निवारणपुर स्थित आदिम जाति सेवा मंडल, राजेंद्र आश्रम व क्षितिज मूक बधिर स्कूल के बच्चों के साथ मकर संक्रांति मनाई। इस दौरान चूड़ा, दही, तिलकूट, लाई के साथ गरम कपड़े का वितरण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के पुतुल चौधरी, विनोद जायसवाल, ओम प्रकाश चौधरी, इंदरजीत कुमार व अन्य शामिल हुए। कांके स्थित नेताजी एकेडमी में मकर संक्रांति उत्सव में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संजीत कुमार थे। कार्यक्रम में बच्चों में तिलकूट, चूड़ा, दही, गुड़ का वितरण किया गया। जय तालाब छठ पूजा समिति ने जरूरतमंद लोगों के बीच खिचड़ी एवं कंबल का वितरण किया। अस्तित्व फाउंडेशन ने मकर संक्रांति पर हटिया रेलवे स्टेशन के आसपास गरीबों के बीच चूड़ा, गुड, दही, तिलकूट वितरण किया। निर्देशिका डॉ. कीर्ति श्रीवास्तव माजी ने कहा कि उनका फाउंडेशन गरीबों और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहेगा। समय–समय पर जरूरत की चीजें देकर मदद की जाएगी।


