बिलासपुर में नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक के बीच लिंगियाडीह आवास के मुद्दे पर सदन के बाहर चक्काजाम करने वाले कांग्रेस नेताओं पर पुलिस ने रास्ता रोकने और बलवा का केस दर्ज किया है। बता दें कि शुक्रवार को सामान्य सभा के दौरान कांग्रेस पार्षद दल ने जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान भोजन अवकाश के बीच ऑडिटोरियम के सामने करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर दिया था। इसके चलते पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। दरअसल, सामान्य सभा के दौरान लिंगियाडीह के पार्षद दिलीप पाटिल ने 84 दिन से आंदोलन में बैठे रहवासियों को बुला लिया था। इस दौरान उन्होंने मेयर पूजा विधानी से कहा कि वार्ड के लोग ज्ञापन देने आए हैं, वे बाहर आकर ले लें। मेयर ने साफ कहा कि ज्ञापन देना है तो ऑफिस आएं, यह सदन है और इसकी अपनी गरिमा है। यहीं से हंगामा शुरू हो गया। भाजपा और कांग्रेस पार्षदों में तीखी बहस धक्कामुक्की तक पहुंच गई। सत्ता पक्ष के पार्षदों ने दिलीप पाटिल पर राजनीति करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। जिसके बाद मामला धक्कामुक्की तक पहुंच गया। हंगामा और विवाद के चलते सामान्य सभा भोजन अवकाश तक स्थगित कर दी गई। भाजपा पार्षद के आरोप पर भड़का आक्रोश
सामान्य सभा में भाजपा पार्षद जय वाधवानी ने आरोप लगाया कि वार्ड-52 के पार्षद दिलीप पाटिल ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर दुकान, स्कूल और मकान बनाकर किराए पर दिया है। निजी फायदे के लिए लोगों को आंदोलन करा रहे हैं। आंदोलन के बहाने वो राजनीति कर रहे हैं और अब सामान्य सभा में भी इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। उनकी बातों को सुनकर दिलीप पाटिल समेत कांग्रेस पार्षद दल के सदस्य भड़क गए। जिसके बाद वो आंदोलनकारियों के साथ सड़क पर आ गए। ऑडिटोरियम के बाहर धरना, फिर चक्काजाम
लिंगियाडीह के लोग विरोध में लखीराम ऑडिटोरियम के बाहर धरने पर बैठ गए। इस बीच सदन से निकलकर कांग्रेस पार्षद दल और शहर व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और महेंद्र गंगोत्री समेत पदाधिकारी भी पहुंच गए। उन्होंने करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इसके चलते मिशन अस्पताल रोड पर ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। निगम कमिश्नर, मेयर और सभापति अंदर ही फंसे रहे। लोगों को जाम से निजात दिलाने पुलिस ने रास्ता डायवर्ट किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कांग्रेस गरीबों के साथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पट्टे के लिए पैसे लिए गए, अब अधिकार नहीं दिए जा रहे। करीब एक घंटे बाद जब मेयर और कमिश्नर उनसे मिलने पहुंचे, तब चक्काजाम खत्म हुआ। टीआई बोले- चक्काजाम करने वाले कांग्रेसियों पर एफआईआर
सिविल लाइन टीआई एसआर साहू ने बताया कि शुक्रवार को सामान्य सभा की बैठक के दौरान चक्काजाम करने वाले कांग्रेस नेताओं व आंदोलनकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने रास्ता रोककर आवागमन बाधित किया, इसलिए उन्हें आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में सिद्धांशु मिश्रा, महेंद्र गंगोत्री, दिलीप पाटिल, अर्पित केशरवानी, रंजीत सिंह, विक्की आहूजा, शहजादा खान सहित अन्य के खिलाफ बलवा और रास्ता रोकने का मामला दर्ज किया गया है।


