नई शहरी सरकार की पहली सामान्य सभा 28 मार्च को निगम मुख्यालय के गांधी सदन में होगी। इसमें निगम का बजट पेश किया जाएगा। महापौर मीनल चौबे के कार्यकाल के बजट की पहली सामान्य सभा होने के कारण हॉल की पुरानी कालीन और कुर्सियों की रेग्जीन बदली जा रही हैं। सामान्य सभा सुबह 11 बजे शुरू होगी। पहला घंटा प्रश्नकाल का रहेगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से बजट पर चर्चा शुरू होगी। बजट पर रखे गए एजेंडों पर सभी पार्षद चर्चा करेंगे और सवाल-जवाब होंगे। पार्षदों के साथ होने वाले सवाल जवाब और बजट चर्चा देखने-सुनने बड़ी संख्या में लोग पहुंच जाते हैं। इनमें जनप्रतिनिधियों के कई समर्थक और उनके परिवार के सदस्य भी होते हैं।