कांग्रेस ने सोमवार को राजगढ़ जिले के भैंसवा माता में ‘संगठन सृजन’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी मुख्य रूप से शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और बूथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकना रहा। बूथ प्रबंधन और संगठन की मजबूती पर जोर प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी और संजय कामले ने पंचायत स्तर से आए हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मतदाताओं से जुड़ने, कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने और मतदान के दिन की रणनीति के बारे में विस्तार से समझाया गया। पटवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी चुनाव में जीत का रास्ता हर एक बूथ की मजबूती से होकर गुजरता है। रचना भार्गव बोलीं- भाजपा ने गायों के नाम पर सिर्फ वोट लिए कार्यक्रम में कांग्रेस नेत्री रचना भार्गव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने गाय के नाम पर राजनीति कर वोट तो हासिल कर लिए, लेकिन आज गौवंश सड़कों पर दर-दर भटकने को मजबूर है। भार्गव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार केवल रिश्वतखोरी में व्यस्त है और कांग्रेस सरकार के समय हुए विकास कार्यों पर अपना नाम चस्पा कर जनता को गुमराह कर रही है। दिग्गज नेताओं का लगा जमावड़ा इस प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आए। कार्यक्रम में पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह, पूर्व विधायक हजारीलाल मालवीय, कृष्णमोहन मालवीय, घनश्याम पाटीदार, और अजा नेता राधेश्याम सोमतिया सहित सारंगपुर व पचोर के सभी ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्ष मौजूद रहे।


