साल 2024 की 24 बड़ी घटनाएं:राजस्थान में 9 जिले-3 संभाग खत्म; अजमेर दरगाह में मंदिर का दावा; सबसे बड़े हादसे में गई 20 जानें

साल 2024 बीतने को है। कुछ ही दिन बचे है और फिर वर्ष 2025 आ जाएगा। साल 2024 में कई ऐसी घटनाएं हुई, जो बड़ी खबरें बन गई। ऐसी की चुनिंदा 24 को दैनिक भास्कर आपके लिए लेकर आया है, एक साथ।
राजनीति हो या क्राइम या फिर भ्रष्टाचार पूरे प्रदेश को इन घटनाओं ने हिलाकर रख दिया। कैलेंडर पर इस साल के कई दिन और तारीख भूले से भी नहीं भुलाए जाएंगे। 2024 कई मायनों में अपनी छाप छोड़कर जा रहा है।
जयपुर में एलपीजी टैंकर ब्लास्ट मामला हो, उदयपुर में पूर्व राजघराने की गद्दी को लेकर मामला हो या सीकर में लेपर्ड अटैक मामला। सभी को एक साथ समेटकर एक ही जगह दैनिक भास्कर अपने पाठकों के लिए लेकर आया है साल 2024 की बड़ी 24 खबरें… आइए रिकॉल करते हैं इन घटनाओं को यहां पढ़ें साल 2024 की 24 बड़ी खबरें सबसे पहले शुरुआत सबसे बड़ी घटनाओं से… 1. जयपुर में LPG टैंकर में ब्लास्ट, 14 जिंदा जले जयपुर में 20 दिसंबर को सुबह अजमेर हाईवे पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने एलपीजी गैस से भरे टैंकर में धमाका हो गया। गैस टैंकर को एक ट्रक ने टक्कर मारी थी। इससे टैंकर से गैस का रिसाव हुआ, जो 200 मीटर तक फैल गई, जिसने अचानक आग पकड़ ली। इस हादसे में 20 लोगों की जान जा चुकी है। हादसे में 32 लोग झुलस गए थे। इनमें से अब भी कई गंभीर है। 2. सीएम काफिले में घुसी टैक्सी, एएसआई की मौत सीएम के ​काफिले में एक टैक्सी घुस गई थी और आगे चल रही दो गाड़ियों से भिड़ गई थी। इस हादसे में 1 एएसआई और ट्रैक्सी ड्राइवर पवन की मौत हो गई थी, जबकि 4 पुलिसकर्मी, टैक्सी ड्राइवर सहित 6 लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हादसा जगतपुरा के अक्षयपात्र चौराहे पर हुआ। 3. उदयपुर में पूर्व राजघराने का झगड़ा हिंसक हुआ उदयपुर के पूर्व राजपरिवार का आपसी झगड़ा खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। राजतिलक की रस्म के बाद उदयपुर के सिटी पैलेस में धूणी माता के दर्शन पर अड़े विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ और उनके चाचा अरविंद सिंह मेवाड़ के समर्थकों के बीच 25 नवंबर की देर रात पत्थरबाजी हो गई। इस पत्थरबाजी में कई पुलिसवाले और समर्थक घायल हो गए। यह परिवार महाराणा प्रताप का वंशज है। इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने उदयपुर सिटी पैलेस की विवादित जगह को कुर्क कर रिसीवर नियुक्त कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने दोनों पक्षों में विवाद शांत करवाकर रस्म पूरी करवाई। 4.अजमेर सेक्स स्कैंडल के 6 दोषियों को उम्रकैद अजमेर में 32 साल पहले हुए देश के सबसे बड़े सेक्स स्कैंडल के 6 दोषियों को जिला अदालत ने 20 अगस्त, मंगलवार को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके साथ ही उन पर 5-5 लाख का जुर्माना भी लगाया था। कोर्ट ने नफीस चिश्ती (54), नसीम उर्फ टार्जन (55), सलीम चिश्ती (55), इकबाल भाटी (52), सोहिल गनी (53), सैयद जमीर हुसैन (60) को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। साल 1992 में 100 से ज्यादा कॉलेज गर्ल्स के साथ गैंगरेप और उनकी न्यूड फोटो सर्कुलेट होने पर तहलका मच गया था। अब राजनीति से जुड़ी साल की बड़ी खबरें.. 5. गहलोत के बनाए 9 जिले-3 संभाग भजनलाल ने खत्म किए कांग्रेस सरकार के वक्त बने नए जिलों में से 9 जिलों और 3 संभागों को भजनलाल सरकार ने 28 दिसंबर को कैंसिल कर दिया। अशोक गहलोत ने मार्च 2023 में इन जिलों और संभागों को बनाने का ऐलान किया था। गहलोत सरकार द्वारा बनाए गए दूदू, केकड़ी, शाहपुरा, नीमकाथाना, गंगापुरसिटी, जयपुर ग्रामीण, जोधपुर ग्रामीण, अनूपगढ़, सांचौर जिलों को निरस्त कर दिया गया है। वहीं, बालोतरा, ब्यावर, डीग, डीडवाना, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, फलोदी और सलूंबर जिले बने रहेंगे। इसके साथ ही पाली, सीकर, बांसवाड़ा संभाग भी खत्म कर दिए गए हैं। राजस्थान में 50 जिले थे। सरकार के इस फैसले के बाद अब राज्य में 41 जिले ही रह जाएंगे। वहीं 10 संभाग की जगह 7 संभाग अस्तित्व में रहेंगे। 6. राजस्थान में 7 सीटों पर हुआ उपचुनाव, प्रत्याशी ने SDM को मारा थप्पड़ राजस्थान में 7 सीटों खींवसर,दौसा, रामगढ़, झुंझुनूं, देवली-उनियारा, सलूंबर और चौरासी पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को वोटिंग हुई। वोटिंग के दौरान कई विवाद भी सामने आए। देवली-उनियारा विधानसभा के समरावता में निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने एसडीएम अमित चौधरी के थप्पड़ जड़ दिया। मीणा की वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से भी हाथापाई हुई। नरेश मीणा पर जबरन पोलिंग बूथ में घुसने का आरोप लगा। इस थप्पड़ कांड के बाद समरावता गांव में 13 नवंबर को शाम से शुरू हुआ बवाल देर रात तक चला। निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा के समर्थक और पुलिस के बीच हुई झड़प में 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। उग्र भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। ग्रामीणों ने पुलिसवालों पर उनके साथ मारपीट का भी आरोप लगाया। 7. लोकसभा चुनाव: राजस्थान में भाजपा ने 14, कांग्रेस गठबंधन ने 11 सीटें जीती लोकसभा चुनाव में राजस्थान में भाजपा ने 14 तो कांग्रेस गठबंधन 11 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस को 2009 के बाद राजस्थान में इतनी बड़ी जीत मिली। ​​​​​​बाड़मेर-जैलसमेर से केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी हार गए। वहीं, वैभव गहलोत भी जालोर से 2 लाख वोटों से चुनाव हारे। इंडिया गठबंधन के कैंडिडेट हनुमान बेनीवाल नागौर से और अमराराम सीकर से जीते। सबसे बड़ी जीत भाजपा को राजसमंद में मिली। यहां भाजपा की महिमा कुमारी ने कांग्रेस कैंडिडेट को 3 लाख 80 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। सबसे कम मार्जिन से जयपुर ग्रामीण लोकसभा से भाजपा के राव राजेंद्र सिंह जीते। उन्होंने कांग्रेस के अनिल चोपड़ा को करीबी मुकाबले में 1615 वोटों से हराया। 8. डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा राजस्थान के कृषि मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। एक धार्मिक कार्यक्रम में एक प्राइवेट चैनल से बातचीत के दौरान उन्होंने इसकी जानकारी दी। मीणा ने कहा वे दो दिन से दिल्ली में थे। उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री ने बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। मीणा ने कहा कि उनकी संगठन या मुख्यमंत्री से कोई नाराजगी नहीं है। मैंने इस्तीफा देने का कहा था, इसलिए मुकर नहीं सकता। 9. भजनलाल सरकार का पहला फुल बजट भजनलाल सरकार का पहला फुल बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री दीया कुमारी ने विधानसभा में 2 घंटे 51 मिनट लंबा भाषण दिया। अपने पहले बजट भाषण में दीया कुमारी ने युवाओं, महिलाओं, किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। सरकार 5 साल में 4 लाख से ज्यादा नई नौकरी देगी। वहीं, वन स्टेट, वन इलेक्शन कॉन्सेप्ट के तहत पंचायत और नगर पालिकाओं के चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। इसके साथ ही एससी-एसटी वर्ग में आने वाले सरकारी कर्मचारियों को सस्ता लोन भी दिया जाएगा। सेल्फ हेल्प ग्रुप के साथ काम करने वाली महिलाओं को भी सरकार कम ब्याज में लोन देगी, जबकि राजस्थान के स्कूली स्टूडेंट का मेरिट में आने पर टैबलेट और फ्री इंटरनेट की भी घोषणा की गई। वो क्राइम की घटनाएं जिनसे दहल गया राजस्थान… 10.उदयपुर में स्कूल के बाहर स्टूडेंट को मारा चाकू, शहर में तनाव के बाद इंटरनेट बंद उदयपुर के सरकारी स्कूल में दो स्टूडेंट में झगड़ा हुआ तो एक छात्र ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया था। घायल छात्र स्कूल के गेट पर गिर गया था। इसके बाद उदयपुर में तनाव के हालात बने और इंटरनेट बंद करना पड़ा। इस घटना में स्टूडेंट की मौत हो गई थी। इसे लेकर शहर में कई दिनों तक विरोध भी हुआ और बाजार बंद रहे।​​​ 11. जोधपुर में महिला के 4-टुकड़े कर शव जमीन में गाड़ा जोधपुर में 50 साल की महिला के 4 टुकड़े कर मर्डर कर दिया। इसके बाद उसका शव जमीन में गाड़ दिया गया। महिला का शव 10 फीट गहरे गड्‌ढे में मिला। वह 3 दिन से गायब थी। घटना जोधपुर के बोरानाड़ा थाना क्षेत्र के गंगाणा गांव की है। सरदारपुरा एसएचओ दिलीप सिंह ने बताया था कि अनिता चौधरी (50) के शरीर के 4 टुकड़े किए गए। सिर, दोनों हाथ और धड़ को अलग कर दिया। अनिता तीन दिन पहले घर से निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। 12.पेपरलीक कांड: ईओ-आरओ भर्ती रद्द हुई, एसआई भर्ती में गिरफ्तारियां पेपर लीक कांड में पुलिस ने कई खुलासे किए। एसआई भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक केस में RPSC के दो पूर्व सदस्य रामूराम राईका और बाबूलाल कटारा को एसओजी ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद रामूराम के बेटा-बेटी भी गिरफ्तार हुए थे। करीब 50 ट्रेनी एसआई को एसओजी अरेस्ट कर चुकी है, जिनमें से 25 को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। वहीं राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राजस्व अधिकारी (RO) ग्रेड-2 और अधिशाषी अधिकारी (EO) ग्रेड-4 भर्ती परीक्षा 2022 को रद्द कर दिया था। एसओजी की ओर से दी रिपोर्ट पर RPSC ने माना कि भर्ती परीक्षा में नकल हुई थी। 13. जयपुर में लापता 2 भाइयों में एक की डेडबॉडी मिली, दूसरे का सुराग नहीं जयपुर के शास्त्रीनगर इलाके से नाहरगढ़ के चरण मंदिर घूमने जाने की कहकर निकले 2 भाइयों में से छोटे आशीष पाराशर का शव पहाड़ियों पर मिला। बड़ा भाई राहुल अभी लापता है। दोनों घर से नाहरगढ़ घूमने निकले थे। दोनों के फोन बंद आ रहे थे। नाहरगढ़ की पहाड़ियों पर आशीष की बॉडी टीम को मिल गई, जबकि राहुल का सुराग अभी नहीं लगा। 14. सीकर की ऑनर किलिंग मामले में पिता को मौत की सजा 5 साल 1 महीने पुराने ऑनर किलिंग मामले में कोर्ट ने 19 साल की युवती के पिता, चाचा-मामा और चचेरे भाइयों समेत 11 को सजा सुनाई । रामगोपाल उर्फ गोपाल को मौत की सजा से दंडित किया गया। इसके साथ ही अन्य 10 आरोपियों को उम्रकैद दी गई है। कोर्ट ने इस हत्याकांड को DIABOLICAL यानी राक्षसी बताया। ऑनर किलिंग की घटना 22 अक्टूबर 2019 की रात हुई थी। इसमें 19 साल की प्रेम (युवती) और उसके 37 साल के प्रेमी गणपत को लड़की के पिता, मामा-चाचा और चचेरे भाइयों ने मिलकर मार डाला था। इसके बाद 30 नवंबर 2024 को इसका फैसला आया। घटनाएं जो चर्चा में रही… 15.अजमेर-दरगाह में शिव मंदिर दावे वाली याचिका कोर्ट में स्वीकार की अजमेर की ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में संकट मोचन महादेव मंदिर होने का दावा करने वाली याचिका अजमेर सिविल कोर्ट ने स्वीकार कर ली। अदालत ने इसे सुनने योग्य माना । हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता की ओर से यह याचिका लगाई गई। सिविल कोर्ट ने अल्पसंख्यक मंत्रालय, दरगाह कमेटी अजमेर और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) को नोटिस भेजा। याचिका में रिटायर्ड जज हरबिलास सारदा की 1911 में लिखी किताब अजमेर: हिस्टॉरिकल एंड डिस्क्रिप्टिव का हवाला देते हुए दरगाह के निर्माण में मंदिर का मलबा होने का दावा किया गया है। साथ ही गर्भगृह और परिसर में एक जैन मंदिर होने की बात कही गई है। 16. राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ के MoU प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर में 9 दिसंबर को राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट का उद्घाटन किया। सीएम भजनलाल शर्मा ने बताया था कि समिट से पहले ही सरकार 35 लाख करोड़ का विभिन्न कंपनियों से MOU कर चुकी है। इसका लाभ सीधे राजस्थान और यहां के लोगों को मिलेगा। इस दौरान अलग-अलग सेक्टर में राजस्थान सरकार ने कंपनियों के साथ एमओयू किए थे। इसमें गौतम अडाणी, आनंद म​हिंद्रा और अनिल अग्रवाल समेत कई बड़े उद्योगपति शामिल हुए थे। 17.RAS प्रियंका विश्नोई का ऑपरेशन के बाद निधन जोधपुर की असिस्टेंट कलेक्टर (ACM) प्रियंका विश्नोई (33) का 13 दिन चले इलाज के बाद अहमदाबाद में निधन हो गया था। 5 सितंबर को पेटदर्द की शिकायत के बाद जोधपुर के वसुंधरा हॉस्पिटल में बच्चेदानी का ऑपरेशन किया गया था, लेकिन उनकी हालत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिवार वाले उन्हें सिम्स (अहमदाबाद) ले गए थे। परिवार के लोगों ने जोधपुर के वसुंधरा हॉस्पिटल मैनेजमेंट पर लापरवाही से इलाज करने का आरोप लगाया था। प्रियंका 2016 बैच की राजस्थान एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (RAS) की अफसर थीं। 18. राजस्थान में हीटवेव से 67 मौत, 50 डिग्री तक पहुंचा तापमान;बारिश ने भी तोड़ा 50 साल का रिकॉर्ड प्रचंड गर्मी के कारण प्रदेश में 67 लोगों की मौत (23 से 31 मई तक) हीटवेव से होने की जानकारी सामने आई। जबकि सरकार ने 9 मौतें ही मानी। इस बार गर्मी का असर इतना रहा कि बाड़मेर दुनिया का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। जैसलमेर से सटे भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर तापमान 53 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं मानसून भी इस बार जबरदस्त मेहरबान रहा। राजस्थान में मानसून ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। अगस्त में एक दिन की बारिश का चूरू में ​60 साल और जयपुर में 12 साल का रिकॉर्ड टूटा था। इस बारिश में कई लोगों की जान भी गई। जयपुर में बेसमेंट में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। 19. देश के आखिरी सती कांड में 36 साल बाद आया फैसला राजस्थान में 36 साल पहले सीकर जिले के दिवराला गांव में हुए रूप कंवर सती महिमामंडन कांड में कोर्ट ने फैसला सुनाया। इस मामले में 8 आरोपियों को बरी कर दिया। मामले में कुल 45 आरोपी थे। इनमें से 25 आरोपियों को कोर्ट ने 2004 में बरी कर दिया था। 4 फरार हैं। वहीं मामले के शेष आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है। कोर्ट ने कहा कि महिमामंडन के लिए घटना जरूरी है, लेकिन पुलिस ने सती होने की किसी घटना का जिक्र ही नहीं किया। दरअसल, 4 सितंबर 1987 को दिवराला गांव में 18 साल की रूप कंवर अपने पति की चिता पर जलकर सती हो गई थीं। भारत में सती होने का यह आखिरी मामला था। 20. आदमखोर लेपर्ड को 4 गोलियां मारी, जहां महिला को मारा वहीं शूट आउट उदयपुर में वन विभाग और पुलिस टीम ने एक लेपर्ड को गोली मार दी। इस लेपर्ड ने बीते एक महीने में 10 लोगों का शिकार किया था। लेपर्ड को शहर के नजदीक मदार इलाके में गोली मारी गई। जंगल में सर्च के दौरान पुलिस टीम पर लेपर्ड ने हमला किया था। इस दौरान उसे 4 गोली मारकर ढेर किया गया। वहीं सीकर में तेंदुए ने 4 लाेगाें पर हमला कर दिया। 24 दिसंबर की सुबह लेपर्ड ने एक किसान पर हमला किया था, इसके बाद से ही उसे एक खेत में ट्रेंकुलाइज करने की कोशिशें जारी थी, तभी शाम को इस घटना की रिपोर्टिंग करने पहुंचे दैनिक भास्कर डिजिटल के रिपोर्टर सुरेंद्र माथुर सहित 3 लोगों पर लेपर्ड ने पीछे से हमला कर दिया था। 21. बोरवेल में गिरी 3 साल की मासूम चेतना कोटपूतली के किरतपुर गांव में 23 दिसंबर दोपहर दो बजे चेतना खेलते हुए बोरवेल में गिर गई। वह करीब 150 फीट की गहराई में फंसी थी। 7 दिन तक चेतना को नहीं निकाला जा सका। बोरवेल से बच्चे को निकालने का यह सबसे लंबा ऑपरेशन चला। वहीं, दौसा जिले के कालीखाड़ गांव में 3 दिन तक बोरवेल में फंसे 5 साल के मासूम आर्यन की मौत हो गई। आर्यन को करीब 57 घंटे बाद बोरवेल से बाहर निकाला गया था। उसे एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस एम्बुलेंस से हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। 22. SMS अस्पताल में गलत खून चढ़ाने के बाद युवक की माैत एसएमएस अस्पताल में गलत ब्लड चढ़ाने से बांदीकुई निवासी 23 साल के सचिन शर्मा की शुक्रवार को मौत हो गई थी। ट्रॉमा वार्ड में 12 फरवरी को सचिन को रोड एक्सीडेंट के बाद भर्ती कराया गया था। यहां मरीज को ओ पॉजिटिव की जगह एबी पॉजिटिव ब्लड और प्लाज्मा चढ़ा दिया था। जिससे दोनों किडनी खराब हो गई थी। 23. लक्ष्मणगढ़ में बस हादसा, 12 लोगों की मौत सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में निजी बस पुलिया से टकरा गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए लक्ष्मणगढ़ और सीकर के अस्पताल ले जाया गया। 7 की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया। हादसा लक्ष्मणगढ़ में पुलिया के नजदीक 11 नवंबर को दोपहर 2 बजे के करीब हुआ। बस सालासर से नवलगढ़ जा रही थी। हादसा सालासर से 68 किमी दूर हुआ। हादसे में मरने वाले के परिजनों को 5 लाख और गंभीर घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की गई। 24. बेटी की शादी में छलके आमिर के आंसू, आयरा-नुपुर ने की क्रिश्चियन वेडिंग उदयपुर के ताज अरावली रिसोर्ट में आमिर खान की बेटी आयरा ने फिटनेस एक्सपर्ट नुपुर शिखरे से शादी की। माना जा रहा था कि यह शादी मराठी रीति-रिवाज से होगी पर कपल ने क्रिश्चियन वेडिंग की। वेडिंग सेरेमनी के बाद आयरा और नुपुर ने एक दूसरे का हाथ थामकर ‘रॉक ऑन’ मूवी के गाने ‘तुम हो तो गाता है दिल, तुम नहीं तो गीत कहां..’ पर डांस किया। इसके बाद स्टेज पर आमिर, रीना और आयरा के भाई जुनैद व नुपुर की मां प्रीतम शिखरे ने भी कपल को जॉइन किया। सभी एक दूसरे को गले लगाते नजर आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *