साहिबगंज के बोरियो में गोलीकांड:लोकल मार्केट में मामूली बात पर हुई कहासुनी, चौकीदार के चचेरे पोते को मार दी गोली

साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा राक्सो पंचायत में एक मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। पंचायत भवन के समीप एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बड़ा राक्सो निवासी दिलीप मड़ैया के 23 वर्षीय पुत्र संजू मड़ैया के रूप में हुई है। संजू ग्रामीण चौकीदार सोना सिंह मड़ैया का चचेरा भतीजा बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम बांझी हाट में संजू मड़ैया और गांव के ही युवक धुमा किस्कु के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस वक्त आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था। गोली लगते ही मौके पर हुई मौत, आरोपी फरार बताया जा रहा है कि हाट से लौटने के बाद भी दोनों के बीच तनाव बना रहा। इसी दौरान रात करीब आठ बजे बड़ा राक्सो पंचायत भवन के पास आरोपी धुमा किस्कु ने संजू मड़ैया पर गोली चला दी। गोली लगते ही संजू जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी घटना की जानकारी मिलते ही बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, साहिबगंज भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार पाया गया। आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *