साहिबगंज में नगर पालिका चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, युवाओं में दिखा उत्साह, बुजुर्गों ने भी मतदान में निभाई भागीदारी

भास्कर न्यूज | साहिबगंज साहिबगंज जिले के तीन नगर निकाय क्षेत्र साहिबगंज नगर परिषद, राजमहल नगर पंचायत व बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुआ। सोमवार की सुबह निर्धारित समय 7:00 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई जो संध्या 5:00 बजे तक जारी रहा हालांकि कुछ मतदान केदो पर मतदाताओं की अधिक भीड़ के कारण 5:00 के बाद भी लाइनों में खड़े लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन द्वारा की गई व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाओं के कारण मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हुई तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। इस संबंध में नगर निकाय निर्वाचि पदाधिकारी गौतम कुमार भगत ने बताया कि मतदान प्रतिशत (अपराह्न 05:00 बजे तक प्राप्त आंकड़े के अनुसार साहिबगंज नगर परिषद – 57.58%, राजमहल नगर पंचायत – 67.85%, बरहरवा नगर पंचायत – 73.58% रहा है। साहिबगंज नगर परिषद क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम मतदान दर्ज किया गया, जबकि बरहरवा नगर पंचायत में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत रहा। मतदान सामग्री की प्राप्ति के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, साहिबगंज में संयुक्त रिसीविंग सेंटर स्थापित किया गया था। यहां तीनों नगर निकायों के लिए अलग-अलग टेबल की व्यवस्था की गई थी। साहिबगंज नगर परिषद के लिए कुल 8 टेबल, राजमहल नगर पंचायत के लिए 4 टेबल, बरहरवा नगर पंचायत के लिए 4 टेबल, मतदान सामग्री की सुरक्षा हेतु निर्धारित मानकों के अनुरूप स्ट्रॉन्ग रूम (बज्रगृह) बनाए गए हैं। नगर परिषद क्षेत्र के लिए 2 बज्रगृह, राजमहल नगर पंचायत के लिए 1 बज्रगृह, बरहरवा नगर पंचायत के लिए 1 बज्रगृह बनाए गए हैं। नगर निकाय निर्वाचित पदाधिकारी गौतम कुमार भगत ने बताया कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सेक्टर पदाधिकारियों, मतदान कर्मियों एवं मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने में सभी की सहभागिता सराहनीय रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *