सिंगरौली डीईओ ने किया 2 स्कूलों का दौरा:कहीं धूप सेंकते मिले शिक्षक तो कहीं गैरहाजिर

सिंगरौली जिला शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह बुधवार दोपहर 2 बजे गोदवाली हाई स्कूल पहुंचे। यहां शिक्षक धूप सेंकते हुए मिले, जबकि पतेरी हाई स्कूल में शिक्षक कक्षाओं से नदारद थे। जिला शिक्षा अधिकारी चितरंगी विकासखंड के तहत गोदवाली और पतेरी में निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। चितरंगी विकासखंड के हाई स्कूल पतेरी में कक्षाएं तो संचालित थीं, लेकिन कोई भी शिक्षक कक्षा में नहीं मिला। सभी शिक्षक एक जगह बैठकर अर्धवार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन करते पाए गए। इस दौरान सहायक संचालक सूची कविता त्रिपाठी 9वीं कक्षा में पहुंची और बच्चों से आज क्या-क्या पढ़ाई हुई, उसके बारे में जानकारी ली। जहां बच्चों ने बताया कि गणित विषय के अलावा किसी भी विषय की पढ़ाई नहीं हुई। बच्चों ने जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत की कि शिक्षक अशोक दुबे संस्कृत पढ़ाते हैं, लेकिन कई दिनों से संस्कृत विषय की पढ़ाई नहीं हुई है। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक दुबे को फटकार लगाते हुए जवाब मांगा है। साथ ही कहा है कि प्रतिदिन वीडियो कॉलिंग के माध्यम से संस्कृत विषय के साथ-साथ अन्य विषय की जानकारी जिला कार्यालय को अवगत कराएं, वहीं हाई स्कूल गोदवाली में सभी शिक्षक विद्यालय के बाहर कुर्सी लगाए धूप सेंकते मिले। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी और सहायक संचालक ने बच्चों से बोर्ड परीक्षा के पूर्व टाइम मैनेजमेंट पर चर्चा की। सभी शिक्षकों को हिदायत दी कि सभी शिक्षक अपने-अपने कक्षाओं में बच्चों के बीच रहें और उनके शिक्षा स्तर को कैसे सुधारा जाए, इस पर काम करें। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विन्ध्य नगर में 11 बजे सहायक संचालक ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में बच्चों की उपस्थिति, शिक्षक की उपस्थिति, शिक्षक की दैनिक दिनचर्या, आधार आईडी, कॉपी मूल्यांकन की जांच की। साथ ही बोर्ड परीक्षा नजदीक आने के दृष्टिकोण से 12वीं के बच्चों से टाइम मैनेजमेंट पर चर्चा की एवं परीक्षा बेहतर परिणाम कैसे लाया जा सकता है इसके बारे में टिप्स दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *