सिंगरौली जिले के सरई तहसील अंतर्गत महुआ गांव में प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश पर सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर बनाए गए एक अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। नायब तहसीलदार अमित मिश्रा ने बताया कि जिस जमीन पर मकान बनाया गया था, वह सरकारी रिकॉर्ड में सार्वजनिक रास्ते के रूप में दर्ज है। प्रशासन ने कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए थे और मुनादी (घोषणा) कराकर खुद कब्जा हटाने का मौका भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। भारी पुलिस बल के बीच चला बुलडोजर तय समय सीमा बीतने के बाद, राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। किसी भी विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पहले से मुस्तैद थी। आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।


