सिंगर शान ने जुबिन गर्ग को दी श्रद्धांजलि:दिवंगत गायक को याद करते हुए कार्यक्रम में गाना ‘ये जीवन है’ गाया

मुंबई के नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र (NMACC) ग्रैंड थिएटर में शुक्रवार को संगीत प्रेमियों को एक खास अनुभव मिला। सिंगर शान ने ‘फोरएवर किशोर शान से’ कार्यक्रम के जरिए किशोर कुमार को भव्य श्रद्धांजलि दी। इस कार्यक्रम को एन आर टैलेंट एंड इवेंट मैनेजमेंट की नम्रता गुप्ता खान और रब्बानी मुस्तफा खान ने प्रस्तुत किया। यह कार्यक्रम कला और आनंद से भरा हुआ था। नम्रता और रब्बानी, शान के गुरु पद्मविभूषण उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान के परिवार से हैं। नम्रता गुलाम मुस्तफा की बहू और रब्बानी उनके बेटे हैं। बता दें कि शान ने कार्यक्रम की शुरुआत अपने हिट गीत ‘मैं हूं डॉन’ और ‘ओम शांति ओम’ से की। इसके बाद उन्होंने किशोर कुमार के गाने गाए। उन्होंने ‘तुम बिन जाऊं कहां’, ‘मेरे दिल में आज क्या है’, ‘तेरा मुझसे है पहले का नाता कोई’ और ‘कहना है’ जैसे गाने गाए। ‘दिल क्या करे’ जैसे रोमांटिक गीतों से लेकर ‘हाल कैसा है जनाब का’ और ‘खुल्लम खुल्ला’ (निहिरा जोशी के साथ) जैसे हल्के-फुल्के युगल गीतों तक, लगभग 70 गीतों की लंबी सूची ने किशोर दा की प्रतिभा के हर रंग को जीवंत कर दिया। शान ने जुबिन गर्ग को दी श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शान ने शुक्रवार को दिवंगत हुए सिंगर जुबिन गर्ग को याद करते हुए ‘ये जीवन है’ गाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शान के बेटे माही मंच पर आकर उनके साथ ‘ओ मेरे दिल के चैन’ गाए। दर्शकों ने जबरदस्त तालिया बजाईं। वहीं, कार्यक्रम में किशोर कुमार के बेटे सुमीत कुमार भी मंच पर आए। शान ने उनके साथ ‘सारा जमाना हसीनों का दीवाना’ जैसे गीत गाए। यह शाम सिर्फ संगीत तक ही सीमित नहीं रही। शान की गर्मजोशी और हाजिरजवाबी ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा, “हर गायक का पहला कदम कहीं न कहीं किशोर दा से प्रेरित होता है।” मजाकिया अंदाज में शान ने वॉट्सऐप ब्लू टिक का इंतजार करने की आदत को किशोर दा के गीत ‘इंतहा हो गई इंतजार की’ से जोड़कर सबको हंसाया। उन्होंने किशोर कुमार के गीत ‘जो सोचे, जो चाहे वो करके दिखा दे’ का भी जिक्र किया और बताया कि कैसे वे समय से बहुत आगे थे। आज केमैनिफेस्टेशन और अफर्मेशन जैसे विचार उन्होंने सालों पहले ही अपने गीतों में दर्शा दिए थे। कार्यक्रम का अंत ‘चलते चलते’ से हुआ। कार्यक्रम के सफल होने पर आयोजकों नम्रता गुप्ता खान और रब्बानी मुस्तफा खान ने कहा, हमें बहुत खुशी है कि शो इतनी खूबसूरती से सम्पन्न हुआ। पूरा हॉल किशोर दा की जादुई धुनों पर झूमता और गाता दिखा। यह हमारे लिए बेहद भावुक अनुभव रहा। हम शान के आभारी हैं कि उन्होंने हर गीत में अपनी आत्मा डाली, और दर्शकों के भी जिन्होंने इस श्रद्धांजलि को इतने प्यार से स्वीकारा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *