प्रतिबंध के बावजूद सिंगल यूज प्लास्टिक से नालियां जाम होने और सफाई प्रभावित होने पर रायपुर नगर निगम मार्च यानी इसी माह से रोज अभियान चलाएगा। 25 सदस्यीय टीम जब्ती, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई करेगी। राजधानी में प्लास्टिक कैरी बैग, गिलास, थर्माकोल, 200 एमएल से कम पानी की बोतलें, खाद्य सामग्री की पतली प्लास्टिक पैकेजिंग खुलेआम बिक रही है। क्लोरीन युक्त प्लास्टिक से बने प्लैक्स, बैनर, होर्डिंग, कप, प्लेट और स्ट्रॉ भी उपयोग में हैं। कार्रवाई लगभग एक साल से बंद है। प्रतिबंध के बावजूद उपयोग जारी रहने से नालियां जाम हो रही हैं और शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। निगम के स्वास्थ्य विभाग ने 25 सदस्यीय टीम गठित की है। यह टीम छोटे, मंझले और बड़े दुकानदारों के साथ मैन्यूफैक्चरर्स पर भी कार्रवाई करेगी। अब घरों में सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्माकोल सजावटी सामान भी जब्त करेंगे। कार्रवाई से पहले निगम जिंगल चलाकर लोगों को प्रतिबंध की जानकारी दे रहा है। जब्त प्लास्टिक से सफाई कर्मियों के वेलफेयर के लिए फंड जुटाएंगे रायपुर निगम इस कार्रवाई के तहत जब्त किए गए प्लास्टिक को स्टोर में रखने के बजाए इंडस्ट्री को देकर सफाई कर्मियों के वेलफेयर के लिए फंड जुटाने की तैयारी में है। निगम इस जब्त प्लास्टिक को इंडस्ट्री को देगा, जिसे वह प्लास्टिक ग्रैन्यूज में बदलकर रोड मटेरियल या डस्टबिन-बाल्टि जैसे कठोर सामग्री के रूप में बनाएगा। हाल ही में जोन 4 में प्रतिबंधित प्लास्टिक से लदे एक वाहन को जब्त किया गया था। निगम ने इस प्लास्टिक को रामकि कंपनी को दिया था, जिससे मिली राशि को सफाई कर्मियों को प्रोत्साहन के लिए उपहार दिए गए थे। ये है जिम्मेदारों का दावा
जिंगल से कर रहे जागरूक
सिंगल यूज प्लास्टिक पर छोटे-बड़े सभी स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। लोग प्लास्टिक उपयोग न करें, इसलिए सफाई गाड़ी से जिंगल चलवा रहे हैं। मार्च से टीम रोजप्लास्टिक की जब्ती और जुर्माना की कार्रवाई के लिए सड़क पर उतरेगी। -डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, स्वास्थ्य अधिकारी, निगम सफाई हमारी प्राथमिकता में
शहर साफ-स्वस्थ रहे, यह हम सभी की प्राथमिकता है। इस लक्ष्य को पाने सभी की सहभागिता जरूरी है। प्रतिबंधित प्लास्टिक के बिक्री, वितरण और मैन्युफैक्चरिंग करने वालों पर सख्ती जरूरी है। इसलिए टीम बनाई गई है, जो कार्रवाई करेगी। -मीनल चौबे, महापौर, रायपुर निगम


